विज्ञापन

चलती बस में 7.5 करोड़ की सनसनीखेज लूट, सराफा व्यापारी से 5 किलो सोने के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

रतलाम में चलती बस के अंदर सराफा व्यापारी से 5 किलो सोने के जेवरात और 3 लाख रुपये नकद की सनसनीखेज लूट हुई. बदमाश फोरलेन पर बस रुकवाकर करीब 7.5 करोड़ रुपये का सोना लेकर फरार हो गए. पुलिस, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है.

चलती बस में 7.5 करोड़ की सनसनीखेज लूट, सराफा व्यापारी से 5 किलो सोने के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश
  • रतलाम में चलती बस से एक सराफा व्यापारी के करीब 7.5 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात लूट लिए गए.
  • घटना बिलपांक थाना क्षेत्र के हनुमान फंटे के पास हुई, जहां बदमाशों ने बस रुकवाकर वारदात को अंजाम दिया.
  • व्यापारी अर्पित चौरड़िया का बैग बस के अंदर ही छीन लिया, जिसमें 5 किलो सोने के जेवरात और 3 लाख रुपये नकद थे.

मध्यप्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस और व्यापारिक जगत दोनों को हिला दिया. बदमाशों ने चलती बस को अपना निशाना बनाते हुए एक सराफा व्यापारी से करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात लूट लिए. उज्जैन जिले के बड़नगर से रतलाम लौट रहे व्यापारी का बैग बस के अंदर ही छीन लिया गया और आरोपी पहले से तैयार अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए. 

व्यापारी का दावा है कि बैग में करीब 5 किलो सोने के जेवरात और 3 लाख रुपये नकद थे. लूटे गए माल की कुल कीमत लगभग 7.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं.

फोरलेन पर बस रुकवाकर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 9.15 बजे बिलपांक थाना क्षेत्र के हनुमान फंटे के पास हुई. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बस को रास्ते में रुकवाया और कुछ ही सेकंड में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. लूट इतनी सुनियोजित थी कि आरोपियों ने किसी को संभलने का मौका तक नहीं दिया.

बड़नगर से लौट रहे थे सराफा व्यापारी

महलवाड़ा जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया गुरुवार को सोने के आभूषणों के कारोबार के सिलसिले में बड़नगर गए थे. रात करीब 8.15 बजे वे बस से रतलाम के लिए रवाना हुए. इसी बस में बड़नगर से कुछ अन्य यात्री भी सवार हुए, जो अलग-अलग सीटों पर बैठे थे. पुलिस को आशंका है कि इन्हीं लोगों में कुछ आरोपी भी शामिल हो सकते हैं.

बस के अंदर बैठे बदमाशों ने छीना बैग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते में ड्राइवर के पास बैठे एक व्यक्ति ने बस रुकवाई. जैसे ही बस रुकी, व्यापारी की सीट के पीछे बैठे दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया. इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से बस से नीचे उतरे और बाहर पहले से इंतजार कर रहे बाइक सवार साथियों के साथ फरार हो गए. पुलिस को संदेह है कि इस पूरी वारदात में करीब पांच बदमाश शामिल थे.

बैग में थे 5 किलो सोने के जेवरात और नकदी

व्यापारी अर्पित चौरड़िया ने पुलिस को बताया कि लूटे गए बैग में करीब 5 किलो सोने के जेवरात रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7.50 करोड़ रुपये है. इसके अलावा बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद भी थे. पुलिस के अनुसार यह रकम व्यापारी को उसी दिन आभूषण बेचने से प्राप्त हुई थी.

इतनी बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार और राकेश पंद्रो समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई. डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान भी चलाया.

सीसीटीवी और साइबर टीम की मदद से तलाश

पुलिस अब बस में बड़नगर से सवार हुए यात्रियों की जानकारी खंगाल रही है. इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. बदमाशों के फरार होने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है. आरोपियों तक पहुंचने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया.

कई टीमें जांच में जुटीं, जल्द खुलासे का दावा

एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस की टीमें रवाना की हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. फिलहाल इस करोड़ों की लूट ने रतलाम सहित पूरे मालवा क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold Robbery Case, Ratlam Crime Khabar, MP Crime News, Gold Jewellery Loot, Jewellery Robbery
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com