ग्वालियर: जिले के डबरा में एक महिला ने विवाद के बाद पति के ऊपर गर्म पानी उड़ेल दिया, जिससे उसका गुप्तांग और पैर बुरी तरह झुलस गए. घटना को अंजाम देने के बाद महिला अपने मायके वालों के साथ घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई. आरोपी महिला ने अपने ससुर पर भी खौलता हुआ पानी फेंककर उन्हें घायल कर दिया. पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी पत्नी केशकली कुशवाहा डबरा अनुभाग के पिछोर की रहने वाली है. उसकी शादी 14 साल पहले पिछोर तिराहा निवासी भूपेंद्र कुशवाहा के साथ हुई थी. शादी के 14 साल बाद भी दोनों का कोई बच्चा नहीं था. पति भूपेंद्र शराब के नशे का आदी था और इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता था. 27 जनू की देर शाम दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसने बाद में बड़ा रूप ले लिया. इसी दौरान पास में ही गैस पर दाल बनाने के लिए गर्म हो रहे पानी को पत्नी केशकली ने उठाकर भूपेंद्र के ऊपर उड़ेल दिया. इससे भूपेंद्र का गुप्तांग और पैर बुरी तरह झुलस गए. बीच-बचाव करने आए ससुर मन्नू कुशवाहा पर भी उसने गर्म पानी डाल दिया, जिससे उनका पैर भी जल गया. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डायल 112 ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
कूनो नदी को बचाने सिंधिया ने दी 43 करोड़ की परियोजना की सौगात, किसानों को भी होगा फायदा
रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी पत्नी
आरोपी पक्ष के अनुसार, भूपेंद्र कुशवाहा आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करता था. रोज-रोज की इस प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने अपने मायके वालों को इसकी सूचना दी थी. जब मायके वाले घर आए, तब भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया. इसी गहमागहमी के बीच रसोई में रखा खौलता पानी पत्नी ने पति और ससुर पर फेंक दिया.
पति का आरोप- गहने और नकदी समेटकर भागी पत्नी
घायल पति भूपेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि पत्नी केशकली और उसके मायके वालों ने जानबूझकर दाल का उबलता पानी उन पर फेंका. भूपेंद्र का कहना है कि दोनों को तड़पता छोड़कर पत्नी अपने मायके वालों के साथ घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी समेटकर फरार हो गई. पीड़ित ने पुलिस से आरोपी पत्नी और उसके परिवार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं