नौकरी कहें या जॉब ये केवल शब्द नहीं हैं. यह वो जरूरत है, जिसकी तलाश में हर बेरोजगार युवा रहता है. नौकरी मिलने की जानकारी लगते ही युवाओं की भीड़ वहां पहुंच जाती है जहां भर्ती चल रही हो. ऐसे में कई बार गफलत भी हो जाती है.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी ऐसी ही गफलत की जानकारी सामने आई है, जहां नौकरी की उम्मीद लेकर बेरोजगार युवाओं ने रोजाना सीएमएचओ कार्यालय पहुंचना शुरू कर दिया. युवाओं की बढ़ती भीड़ के कारण अधिकारी परेशान होने लगे, जिससे उनके काम पर असर पड़ना शुरू हो गया.

ग्वालियर में नौकरी के लिए सीएमएचओ कार्यालय पहुंच रहे बेरोजगार. Photo Credit: देव श्रीमाली
सीएमएचओ कार्यालय में लगाए बोर्ड
इसके बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने कार्यालय परिसर में जगह-जगह सूचना बोर्ड लगवा दिए हैं. आउटसोर्स मल्टी स्किल कर्मियों की भर्ती को लेकर फैले भ्रम को दूर करने के लिए लगाए गए इन बोर्डों पर साफ लिखा है- 'सीएमएचओ कार्यालय या उसके अधीनस्थ संस्थानों में यहां नौकरी नहीं मिलती, आउटसोर्स कर्मचारियों की सीधी भर्ती नहीं की जाती है.
नौकरी के लिए पहुंच रहे युवा
युवाओं को हो रही गलतफहमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएमएचओ कार्यालय में इससे संबंधित बोर्ड लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा उसकी अधीनस्थ आउटसोर्स संस्थाओं में कर्मचारियों की सीधी नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है.
एजेंसियों के जरिए होती है भर्ती
सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर ने कहा- अस्पतालों और कार्यालयों में आवश्यकता के अनुसार कर्मचारियों की सेवाएं अधिकृत आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से ली जाती हैं. भर्ती प्रक्रिया भी संबंधित एजेंसी द्वारा ही की जाती है. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नौकरी की तलाश या जानकारी के लिए सीएमएचओ कार्यालय न आएं. इसके लिए वे संबंधित अधिकृत आउटसोर्स एजेंसी से संपर्क करें.

सीएमएचओ कार्यालय में लगाया गया नोटिस बोर्ड. Photo Credit: देव श्रीमाली
सीएमएचओ कार्यालय में लगे बोर्ड पर क्या लिखा?
'कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर द्वारा अधीनस्थ चिकित्सा संस्थाओं में आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति का प्रावधान/नियम नहीं है और न ही कार्यालय द्वारा कोई नियुक्ति की जा रही है. नियुक्ति प्रक्रिया केवल आउटसोर्स एजेंसियों द्वारा ही की जाती है'.
ये भी पढ़ें: SSC ने निकाली 2536 पदों पर वैकेंसी, 90 हजार से ज्यादा मिलेगी सैलरी; देखें योग्यता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं