सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए शानदार मौका सामने आया है. स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) ने कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (CHSL) परीक्षा 2026 के तहत भारत सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों/विभागों/ऑफिसों और तमाम संवैधानिक संस्थाओं/कानूनी संस्थाओं/ट्रिब्यूनल आदि के लिए ग्रुप-सी के कुल 2,536 पदों पर भर्ती की घोषणा की है, इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया है. SSC की तरफ से जारी कुल 2,536 पदों में लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी)/जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (जेएसए), डेटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) और डेटा एंट्री ऑपरेटर, ग्रेड 'ए' के पद शामिल हैं.
7 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 सितंबर से शुरू हो चुके हैं और आवेदन करने की आखिरी तारीख 7 अक्टूबर तक तय की गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वो सभी SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आखिरी तारीख तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं.
वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर की रात 11 बजे तक तय की गई है. इसी के साथ, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार के लिए विंडो और सुधार शुल्क के ऑनलाइन भुगतान की तारीख 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर की रात 11 बजे तक तय की गई है.
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है. आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 27 साल तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (टियर-I), कंप्यूटर आधारित परीक्षा (टियर-II), कौशल परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन (डीवी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 19,900 से 92,300 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष) के लिए 100 रुपए तय किया गया है. वहीं, एससी/एसटी/पूर्व सैनिक/विकलांग व्यक्ति और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान से छूट दी गई है.
ये भी पढ़ें - B.Tech के बाद छोड़ी हाई-पेइंग जॉब, UPSC क्रैक करने के बाद सासाराम की SDM बनीं प्रिया रानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं