विज्ञापन

यूपी में चुनाव से पहले 1 लाख नौकरियां, अकेले इस विभाग में 77 हजार भर्ती का ऐलान

UP Sarkari Naukri 2026: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कई नई भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी होने वाले हैं, वहीं कुछ ऐसी बड़ी भर्तियां भी हैं, जिनका रिजल्ट आने वाला है. चुनाव से पहले करीब 1 लाख नौकरियां देने की तैयारी है.

यूपी में चुनाव से पहले 1 लाख नौकरियां, अकेले इस विभाग में 77 हजार भर्ती का ऐलान
यूपी में अगले 6 महीने में 1 लाख नौकरियां देने का ऐलान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले नौकरियों की बहार आने वाली है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को प्रदेश में सरकारी नौकरी दी जाएगी. साथ ही ये भी ऐलान किया गया कि 19 सितंबर से इसकी शुरुआत होने जा रही है. यानी शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन के बाद अब तमाम दूसरी भर्तियों के लिए कुछ ही दिनों में नोटिफिकेशन जारी होने वाले हैं. सीएम योगी ने ये भी बताया कि सबसे ज्यादा किन पदों पर भर्ती निकलने जा रही है, ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि यूपी में चुनाव से पहले किन विभागों में बड़े स्तर पर भर्ती होने जा रही है. 

चुनावों में रोजगार होगा बड़ा मुद्दा

यूपी जैसे राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में रोजगार एक बड़ा मुद्दा होगा, ऐसे में योगी सरकार अपने 10 लाख नौकरियों वाले टारगेट को हर हाल में चुनाव से पहले पूरा करने की कोशिश में जुटी है. इसे चुनाव प्रचार के दौरान खूब इस्तेमाल किया जा सकता है. जो एक लाख नौकरियों का आंकड़ा बताया जा रहा है, उसमें से कई बड़ी भर्तियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. 

सबसे ज्यादा नौकरी इस विभाग में 

जिन एक लाख सरकारी नौकरियों की बात सीएम योगी कर रहे हैं, उनमें सबसे ज्यादा 77 हजार भर्तियां सिर्फ यूपी पुलिस और होमगार्ड की होंगीं. खुद सीएम योगी ने इसका ऐलान किया है. हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस और होमगार्ड की जिन 77 हजार भर्तियों की बात की, उनमें से ज्यादातर का प्रोसेस पूरा हो चुका है. हाल ही में यूपी में 41 हजार से ज्यादा पदों पर होमगार्ड की भर्ती निकाली गई थी, वहीं पुलिस सिपाही की 32 हजार से ज्यादा भर्ती का प्रोसेस भी पूरा हो चुका है. इनके फाइनल रिजल्ट का इंतजार है, जो कुछ ही दिनों में जारी किया जा सकता है. 

किन विभागों में निकलने वाली है भर्तियां?

शिक्षा विभाग में भर्ती: यूपी में शिक्षकों के हजारों खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. प्राथमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक और पीजीटी की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है. करीब 15 हजार पदों पर ये भर्ती होगी. इसके अवाला टीजीटी, असिस्टेंट प्रोफेसर, मदरसा शिक्षकों और तमाम पदों पर भी भर्ती होनी है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) इसकी तैयारी कर रहा है. 

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC):  UPSSSC भी करीब 13 हजार से ज्यादा भर्तियों की तैयारी कर रहा है. ये सभी भर्ती ग्रुप सी के तहत आने वाले अलग-अलग पदों पर होगी. इसमें स्टेनोग्राफर, जेई, वेटनरी, फिजिकल ट्रेनर, नागरिक शिक्षा, PWD, लाइब्रेरी असिस्टेंट और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे तमाम पद शामिल हैं. 

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC): यूपी लोक सेवा आयोग की तरफ से भी करीब 10 हजार से ज्यादा भर्ती निकाली जा सकती हैं. इनमें ज्यादातर एलटी ग्रेड टीचर्स के पद होंगे, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के पदों पर भी भर्ती होगी. 

ये भी पढ़ें - 'यूपी में नौकरी कर रहे 10 हजार शिक्षक बाहर हो जाएंगे'... 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में लटकी तलवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Sarkari Naukri, UP Govt Jobs, CM Yogi Adityanath, Up Police Jobs, UP Homeguard Recruitment 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com