विज्ञापन

जमीन विवाद में मानवता हुई शर्मसार! कब्र खोदकर 3 माह की बच्ची का निकाला शव, घर के दरवाजे पर फेंका

ग्वालियर के भितरवार क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़ा एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. आरोप है कि तीन माह की बच्ची का शव कब्र से निकालकर परिजनों के घर के बाहर फेंक दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया गया.

जमीन विवाद में मानवता हुई शर्मसार! कब्र खोदकर 3 माह की बच्ची का निकाला शव, घर के दरवाजे पर फेंका

ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. जमीन विवाद की रंजिश कथित तौर पर इस हद तक पहुंच गई कि तीन माह की मासूम बच्ची की कब्र तक को नहीं बख्शा. आरोप है कि बच्ची के शव को कब्र से निकालकर उसके परिजनों के घर के दरवाजे पर फेंक दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए.  

यह मामला ग्वालियर जिले के भितरवार के करहिया थाना क्षेत्र स्थित चैतगांव के मुंशी का पुरा का है. जानकारी के अनुसार, बंजारा समाज के बीरबल बंजारा की तीन माह की बेटी की रविवार को मौत हो गई थी. परिवार ने बच्ची के शव को भीमवाड़ा नदी के किनारे दफना दिया था. बताया जा रहा है कि जिस जगह शव दफनाया था, उसी जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.

कब्र खोदकर शव निकालने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर हुए विवाद के बीच कुछ लोगों ने बच्ची की कब्र खोद दी. आरोप यह भी है कि कब्र से शव निकालकर उसे बंजारा परिवार के घर के बाहर फेंक दिया. जब परिवार के लोगों ने मासूम का शव उस हालत में देखा तो वे सदमे में आ गए. घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया.

सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर पहुंच गए. उन्होंने बच्ची का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की बात भी सामने आई है.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद करहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी और सड़क पर लगा जाम खुलवाया. हालात को नियंत्रण में लेने के बाद पुलिस की मौजूदगी में बच्ची के शव को दूसरी जगह दफन कराया. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस जमीन और कब्रिस्तान से जुड़े विवाद की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और पुलिस विवाद के वास्तविक कारणों तथा लगाए गए आरोपों की पड़ताल में जुटी हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gwalior News Today, Bhitarwar News, Land Dispute Case, Child Body Found, Madhya Pradesh Breaking News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com