Gwalior Crime News: ग्वालियर शहर के डबरा इलाके में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. पिछोर रोड स्थित सचदेवा कॉलोनी में दो नकाबपोश बदमाश AC मिस्त्री बनकर एक घर में घुस गए और महिला को पिस्टल के दम पर बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूट को अंजाम दे गए. घटना के समय घर में महिला अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने मारपीट करते हुए कब्जा कर लिया. आरोपियों ने करीब 4 लाख रुपये नगद और लाखों के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुट गई है.
AC ठीक करने के बहाने घर में घुसे
जानकारी के मुताबिक घटना डबरा के पिछोर रोड स्थित सचदेवा कॉलोनी की है. दो बाइक सवार बदमाश दोपहर करीब 3 बजे घर पहुंचे और खुद को AC मिस्त्री बताते हुए गेट खुलवाया. महिला पिंकी श्रीवास्तव ने उन्हें मना करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही दोनों बदमाश जबरन घर के अंदर घुस गए.
पिस्टल अड़ाकर महिला से मारपीट
घर के अंदर घुसते ही बदमाशों ने पिंकी श्रीवास्तव की कनपटी पर पिस्टल तान दी और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला को ड्रेसिंग टेबल से टकराकर घायल भी किया. डर के माहौल में महिला कुछ भी करने में असमर्थ रही और बदमाश घर में आराम से लूटपाट करते रहे.
4 लाख कैश और जेवरात लेकर फरार
बदमाशों ने घर की अलमारी तोड़कर करीब 4 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
शादी के लिए रखे थे पैसे और गहने
परिवार के अनुसार यह रकम और जेवरात घर में शादी की तैयारी के लिए रखे गए थे. मोनिका श्रीवास्तव, जो घर की सदस्य हैं, ने बताया कि उनकी बेटी तनुष्का की शादी के लिए यह सामान रखा गया था. घटना के समय मोनिका अपने काम पर गई हुई थीं और उनकी भाभी पिंकी घर में अकेली थीं.
सूचना के बाद पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
संदिग्ध एंगल से भी जांच
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में वारदात संदिग्ध भी मानी जा रही है, जिसके चलते पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी और आसपास के इलाके में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
जल्द खुलासे की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल टीम लगातार जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें : इंदौर के इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी आग; 6 परिवारों के 20 लोग फंसे, सभी को सुरक्षित निकाला गया
यह भी पढ़ें : Delhi Hotel Fire: फ्लरिश होटल मालिक का आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने, फर्जी पासपोर्ट मामले में हो चुका है गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : पर्यावरण दिवस: 'बीमार' हो रहा इंसानों का 'थर्ड पोल', एक्सपर्ट्स ने NDTV को बताया हिमालय को किससे है बड़ा खतरा
यह भी पढ़ें : मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा उम्मीदवार बनने पर MP कांग्रेस में बवाल, क्रॉस वोटिंग की आशंका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं