विज्ञापन

सोना-चांदी की कीमतों में फिर आने वाली है तेजी! अमेरिका-ईरान तनाव की शुरुआत के बीच मिल रहे बड़े संकेत

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना और चांदी के दामों में फिर तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं. सर्राफा कारोबारियों और बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ सकता है.

सोना-चांदी की कीमतों में फिर आने वाली है तेजी! अमेरिका-ईरान तनाव की शुरुआत के बीच मिल रहे बड़े संकेत
  • अंतरराष्ट्रीय तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती नजर आ रही है.
  • वर्तमान में सोना लगभग 1.41 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 2.22 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है.
  • आयात शुल्क और करों में वृद्धि से सोने की मांग में 25 से 30 प्रतिशत तक कमी आई है.

सोना और चांदी सिर्फ आभूषण नहीं, बल्कि अनिश्चित हालात में सबसे भरोसेमंद निवेश भी माने जाते हैं. यही वजह है कि जब दुनिया में युद्ध, राजनीतिक तनाव या आर्थिक अस्थिरता बढ़ती है तो निवेशकों का रुझान इन कीमती धातुओं की ओर बढ़ जाता है. इन दिनों एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हालात और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है. कारोबारियों और बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में फिर बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है. वहीं त्योहारी सीजन की शुरुआत भी बाजार को अतिरिक्त सहारा दे सकती है.

युद्ध के माहौल का दिखने लगा असर

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने और चांदी की कीमतों में फिर से मजबूती दिखाई दे रही है. सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकुम सोनी के मुताबिक, जब भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसे हालात बनते हैं, निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी की खरीद बढ़ा देते हैं. पहले भी युद्ध के दौरान दोनों धातुओं के दाम में तेज उछाल देखने को मिला था. वहीं तनाव कम होने और युद्ध समाप्ति की खबरों के बाद सोना, चांदी और क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी.

मौजूदा समय में क्या हैं भाव?

बाजार में फिलहाल सोना करीब 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 2.22 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है. हालांकि पिछले कुछ समय से सोने की मांग में कमी देखने को मिली है. कारोबारियों का कहना है कि आयात शुल्क और अन्य करों में बढ़ोतरी के बाद सोने की खरीदारी पर असर पड़ा है, जिसके चलते बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है.

कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना

सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकुम सोनी का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय तनाव बना रहता है तो सोने और चांदी की कीमतों में आगे और तेजी आ सकती है. अनुमान लगाया जा रहा है कि सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इसी तरह चांदी के दाम में 25 हजार से 50 हजार रुपये प्रति किलो तक उछाल आने की संभावना जताई जा रही है. निवेशक फिलहाल वैश्विक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.

रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे है सोना-चांदी

इस साल जनवरी में सोने ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था. उस समय इसकी कीमत पहली बार दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई थी और करीब 2.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक कारोबार हुआ था. मौजूदा कीमतों की तुलना करें तो सोना अपने ऑल टाइम हाई से करीब 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है.

चांदी ने भी जनवरी 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया था. उस समय इसका भाव 4.20 लाख रुपये प्रति किलो से अधिक पहुंच गया था. फिलहाल चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से दो लाख रुपये से ज्यादा नीचे कारोबार कर रही है. ऐसे में बाजार के जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में इसमें रिकवरी की अच्छी गुंजाइश है.

त्योहारी सीजन से लौट सकती है बाजार की रौनक

व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी महीनों में त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन के कारण बाजार में ग्राहकी बढ़ेगी. पिछले कुछ समय से मंदी का सामना कर रहे सर्राफा कारोबार को इससे राहत मिल सकती है. खासकर धनतेरस, दीपावली और विवाह सीजन के दौरान सोना-चांदी की मांग बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

प्रमुख शहरों में आज के सोने-चांदी के भाव

दिल्ली

  • 24 कैरेट सोना: 1,43,870 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,31,780 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,17,020 रुपये प्रति किलो

मुंबई

  • 24 कैरेट सोना: 1,43,870 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,31,780 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,17,410 रुपये प्रति किलो

बेंगलुरु

  • 24 कैरेट सोना: 1,43,870 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,31,780 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,17,590 रुपये प्रति किलो

हैदराबाद

  • 24 कैरेट सोना: 1,42,370 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,30,910 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,17,760 रुपये प्रति किलो

चेन्नई

  • 24 कैरेट सोना: 1,44,300 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,30,818 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,18,050 रुपये प्रति किलो

कोलकाता

  • 24 कैरेट सोना: 1,42,110 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,30,268 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: 2,17,130 रुपये प्रति किलो 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com