- मुजफ्फरपुर के सर्राफा बाजार में लगातार कई आपराधिक घटनाएं घटी हैं जिसके विरोध में एक दिन का धरना रखा गया
- आभूषण कारोबारियों ने दुकानें बंद कर धरना दिया और काला पट्टा बांध कर विरोध जताया
- व्यापारियों ने कहा कि अपराध की बढ़ती घटनाओं से व्यापारी पलायन के बारे में सोचने लगे हैं
मुजफ्फरपुर में आभूषण कारोबारियों पर एक के बाद एक लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में आज मुजफ्फरपुर का सर्राफा बाजार बंद रहा. सर्राफा व्यवसायियों ने एक दिवसीय धरना देकर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की. धरना सर्राफा मंडी में आयोजित किया गया, जहां जिले भर के सैकड़ों आभूषण कारोबारी अपनी दुकाने बंद कर काला पट्टा बांधकर बैठ गए. व्यवसायियों ने कहा कि बार-बार हो रही लूट और हत्या की घटनाओं से पूरे कारोबार जगत में दहशत का माहौल है और मौजूदा हालात में कोई भी सर्राफा व्यवसायी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है. आभूषण कारोबारियों ने बताया कि अब स्थिति बेहद भयावह हो रही है, अगर स्थिति नहीं सुधरी तो आभूषण कारोबारी पलायन करने पर मजबूर होंगे.
पलायन पर विचार कर रहे व्यापारी
आभूषण कारोबारी विक्रम सर्राफ ने कहा,"मुजफ्फरपुर ने बेगूसराय को पीछे छोड़ दिया है. एक समय था जब बेगूसराय से व्यापारी पलायन करते थे, अब मुजफ्फरपुर से लोग पलायन करेंगे. यहां कोई व्यापारी महफूज नहीं है, कभी गोली, कभी बम, तो कभी छिनतई का शिकार हो रहा है. जो व्यापारी पूरे भारत में सबसे ज्यादा योगदान दे रहे हैं, उनकी बिहार में ये हालत है कि वह पलायन के बारे में सोच रहे हैं."

धरने पर बैठे आभूषण कारोबारी
Photo Credit: NDTV
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के महामंत्री मंजीत कुमार ने कहा कि पहले बाजार खुला रहने तक पेट्रोलिंग की व्यवस्था होती थी लेकिन विगत कुछ समय से गश्ती हटा दी गई है. कुछ दिन पहले दो हथियारबंद पुलिसकर्मी लगाए गए हैं लेकिन पुरानी बाजार से लेकर टावर तक के इलाके के लिए दो लोग पर्याप्त नहीं हैं.
व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई, तो आगे आंदोलन और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह लगन का समय है, बावजूद इसके मजबूरन उन्हें दुकानें बंद रखकर सड़क पर उतरना पड़ा है.

दुकानों पर लटके ताले
Photo Credit: NDTV
लगातार कई हमले
आभूषण व्यापारियों ने हाल में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 4 दिन पहले कांटी में एक आभूषण दुकान से 70 लाख के आभूषण की लूट हुई थी. इसके बाद 2 दिन पहले लूट की एक अन्य घटना के दौरान एक आभूषण कारोबारी की हत्या कर दी गई. इन घटनाओं के बाद से जिले के सभी सर्राफा व्यवसायी गहरी दहशत में हैं और उन्होंने पुलिस से ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.
ये भी पढ़ें-:
लूटने आए बदमाशों से भिड़ गया ज्वेलर, पत्नी-बेटा का आते देख मार दी गोली; चप्पल-पिस्टल छोड़ भागे
मुजफ्फरपुरः पुलिस ने जांच के लिए रोकी बाइक, बैठा था हत्या का आरोपी, सीधे चला दी गोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं