अगर आपने घर में सीसीटीवी लगवाया है तो यह आपके लिए बहुत जरूरी खबर है. जो सीसीटीवी आपने लगवाया है हो सकता है उससे आपके घर की गतिविधि कोई और देख रहा हो, क्योंकि ऐसे ही एक मामले ने चौंका दिया है. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक महिला डॉक्टर के घर पर लगे सीसीटीवी से उनके यहां गतिविधि कोई और ही देख रहा था.
जबलपुर के आदर्श नगर निवासी डॉ. प्राची सक्सेना ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से CCTV कैमरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है. डॉ. सक्सेना के अनुसार, उनके घर में लगे CCTV कैमरे से बच्चों के रोने और बातचीत जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं. उनका दावा है कि कैमरे के पास मोबाइल ले जाते ही आवाज बंद हो जाती थी, उन्हें लगा कि हैकर उन्हें धमका भी रहा है, जिससे उन्हें संदेह हुआ कि कोई कैमरे के जरिए निगरानी कर रहा है. इसके बाद उन्होंने कैमरे को तत्काल कपड़े से ढंक दिया और पुलिस से शिकायत की.
महिला ने नहीं बदला था पासवर्ड
जांच के दौरान सामने आया कि CCTV इंस्टॉल करते समय पासवर्ड बनाए गए थे, लेकिन बाद में पासवर्ड कभी बदला नहीं गया. इसी कारण इंस्टॉलेशन करने वाले के मोबाइल पर भी कैमरे की लाइव फीड चल रही थी. इसके बाद डॉक्टर ने पासवर्ड बदल दिया. फिलहाल उन्होंने आगे की पुलिस कार्रवाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है. मामले की सूचना मिलने पर साइबर सेल और तकनीकी विशेषज्ञों ने जांच शुरू की थी.
सावधानी के लिए 5 जरूरी बातें
- CCTV कैमरा लगते ही डिफॉल्ट/पहला पासवर्ड तुरंत बदलें.
- मजबूत (Strong) पासवर्ड रखें और समय-समय पर बदलते रहें.
- कैमरे की एक्सेस किन-किन मोबाइल या डिवाइस पर है, इसकी नियमित जांच करें.
- अनजान व्यक्ति या इंस्टॉलर के पास कैमरे की लॉगिन जानकारी न रहने दें.
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत साइबर सेल या पुलिस से संपर्क करें.
क्या बोले एसपी क्राइम
जबलपुर के एसपी क्राइम जीतेन्द्र सिंह ने बताया कि इंटरनेट से कनेक्ट होने वाले सीसीटीवी कैमरों को लेकर केंद्र सरकार ने समय-समय पर दिशानिर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए इंटरनेट से कनेक्ट होने वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने के कुछ मानक तय किए हैं, जिन्हें सभी को ध्यान रखना चाहिए. वह सीसीटीवी स्टैंडर्ड, क्वालिटी कंट्रोल फुलफिल होना चाहिए. स्टैंडर्ड, क्वालिटी कंट्रोल फुलफिल होना चाहिए, उसमें लगे कंपोनेंट्स, किस किस देश के हैं उसका भी मानक तय किया गया है. उपभोक्ता को ऐसे मानकों पर खरे उतरने वाले ही सीसीटीवी कैमरा लगवाने चाहिए. सुरक्षा के मद्देनजर ऐसे निर्देश दिए जा चुके हैं कि इंटरनेट से कनेक्ट रहने वाले सभी चीजें हैक हो सकती हैं, उसके लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- पड़ोसी के गेट पर लगा CCTV क्या आपकी प्राइवेसी में दे रहा है दखल? ऐसे उतरवा सकते हैं कैमरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं