विज्ञापन

पुलिस की मौजूदगी में मारपीट का VIDEO, कैटरिंग के काम को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुब बरसे लात-घूंसे 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर जमकर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है. एनएच‑43 पर नवापारा इलाके में कैटरिंग के काम को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लात‑घूंसे चलने लगे.

पुलिस की मौजूदगी में मारपीट का VIDEO, कैटरिंग के काम को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुब बरसे लात-घूंसे 

Chhattisgarh Viral Video: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद खुलेआम मारपीट का मामला सामने आया है. एनएच‑43 पर नवापारा इलाके में कैटरिंग के काम को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि बात लात‑घूंसे चलने तक पहुंच गई. हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा हंगामा सड़क पर घंटों चलता रहा और पुलिस मौके पर मौजूद होने के बाद भी हालात तुरंत काबू में नहीं आ सके. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैटरिंग के काम से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, नवापारा इलाके में एक शादी के कार्यक्रम से लौट रहे कैटरिंग कर्मचारियों का कुछ लोगों से विवाद हो गया. कैटरिंग के काम को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने‑सामने आ गए. देखते ही देखते सड़क पर अफरा‑तफरी मच गई और दोनों ओर से जमकर लात‑घूंसे चलने लगे.

पुलिस की मौजूदगी में चलता रहा हंगामा

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मारपीट पुलिस की मौजूदगी में होती रही. सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और एनएच पर यातायात तक प्रभावित हुआ. काफी देर तक किसी ने पीछे हटने का नाम नहीं लिया. हालात बिगड़ते देख बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, तब जाकर स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया.

पीड़ित का आरोप: मारपीट के साथ चेन भी लूटी

इस मामले में पीड़ित रिशु शर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वे शादी में कैटरिंग का काम करके वापस लौट रहे थे, तभी कुछ नशे में धुत लोगों ने उनकी गाड़ी के सामने अपना वाहन खड़ा कर दिया. विरोध करने पर गाली‑गलौज शुरू हो गई. जब उन्होंने अपने भाई को बातचीत के लिए बुलाया, तो आरोपियों ने दोनों से मारपीट कर दी. रिशु शर्मा का आरोप है कि इस दौरान दो सोने और एक चांदी की चेन भी लूट ली गई.

घटना के बाद एक पक्ष फरार

काफी देर तक चले इस बवाल के बाद एक पक्ष मौके से फरार हो गया. वहीं दूसरे पक्ष ने सीधे कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. वीडियो को आधार बनाकर आरोपियों की पहचान की जा रही है. फिलहाल कोतवाली पुलिस ने सात लोगों समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है.

पुलिस का बयान

सूरजपुर के एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, जिनमें कई लोग नशे की हालत में थे. उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है और वायरल वीडियो के जरिए अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

लेखक के बारे में
img
इमाम हसन
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhattisgarh Viral Video, Surajpur Police Presence Fight, NH 43 Clash Video, Street Fight Caught On Camera, Surajpur District News, Catering Dispute Violence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com