विज्ञापन

सगाई के 15 दिन बाद शहीद, त‍िरंगे में ल‍िपटकर घर पहुंचे बस्तर फाइटर के जवान संजय गढ़पाले

छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सलियों द्वारा डंप बारूद को नष्ट करते समय हुए विस्फोट में 4 जवान शहीद हो गए. शहीद जवान संजय गढ़पाले की 15 दिन पहले ही सगाई हुई थी. पूरी खबर यहाँ पढ़ें.

सगाई के 15 दिन बाद शहीद, त‍िरंगे में ल‍िपटकर घर पहुंचे बस्तर फाइटर के जवान संजय गढ़पाले
कलेजा चीर देने वाली शहादत: पिता की साइकिल दुकान का मान बढ़ाने वाला 'संजय' देश पर कुर्बान
  • छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों द्वारा डंप किए गए विस्फोटक को नष्ट करते समय चार जवान शहीद हो गए थे
  • शहीद संजय कुमार गढ़पाले की शादी जनवरी 2027 में होनी थी, पर हादसे में उनकी मृत्यु हो गई
  • विस्फोटक में 15 किलो की पांच बोरियों में लगभग 75 किलो पटाखा पाउडर था, जो अचानक फटा था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

नियति का क्रूर मजाक देखिए जिस घर में अभी 15 दिन पहले ही बेटे की सगाई के लड्डू बंटे थे, जहां जनवरी 2027 में होने वाली शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, वहां आज बेटा त‍िरंगे में ल‍िपटकर पहुंचा. उसकी शहादत की खबर ने पूरे गांव को रुला द‍िया. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 2 मई 2026 को नक्सलियों द्वारा डंप किए गए विस्फोटक को नष्ट करते समय हुए एक भीषण हादसे में बस्तर लड़ाकू बल के 4 जांबाज जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी. वीरगति को प्राप्त होने वाले जवानों में संजय कुमार गढ़पाले की कहानी कलेजा चीर देने वाली है, जिनकी शादी के सपने अब राख के ढेर में तब्दील हो चुके हैं. 

सगाई के बाद बुझ गया घर का चिराग

शहीद जवान संजय कुमार गढ़पाले कांकेर जिले के ग्राम हराडुला के रहने वाले थे. 14 फरवरी 1997 को जन्मे संजय के पिता गांव में एक छोटी सी साइकिल स्टोर की दुकान चलाते हैं. एक साधारण परिवार में जन्मे संजय के भीतर बचपन से ही वर्दी पहनने का जुनून था. पहले उन्होंने आर्मी में जाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन वहां सफलता न मिलने पर उन्होंने स्थानीय 'बस्तर फाइटर्स' में अपनी किस्मत आजमाई और 9 फरवरी 2022 को उनकी नियुक्ति हो गई. 

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred sanjay gadpale biography

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred sanjay gadpale biography

संजय अपने परिवार के बड़े बेटे थे. माता-पिता और भाई संदीप ने मिलकर उनके लिए रिश्ता तय किया था. महज 15 दिन पहले ही संजय 5 दिन की छुट्टी लेकर अपनी सगाई के लिए घर आए थे. परिवार ने जनवरी 2027 में शादी की तारीख तय की थी, लेकिन इससे पहले कि घर में सेहरा सजता, पुलिस की टीम ने घर के दरवाजे पर दस्तक देकर संजय की शहादत की खबर दी. पिता सुरेश गढ़पाले बदहवास हैं. उनका कहना है कि बेटा परिवार के सपने पूरे करना चाहता था, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया.  

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

15-15 किलो की 5 बोरियों में छिपी थी मौत

यह दर्दनाक हादसा कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मार्काबेडा, कोरोसकोडो और आदनार के जंगलों में हुआ. सुरक्षा बल के जवानों को सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री डंप कर रखी है. सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को पहले डंप से कंप्यूटर, मॉनिटर और प्रिंटर बरामद हुए. इसके ठीक पास एक दूसरे डंप में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई 15-15 किलो की 5 बोरियां मिलीं, जिनमें करीब 75 किलो 'पटाखा पाउडर' भरा हुआ था. 

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि बीडीएस की टीम प्रभारी की देखरेख में इस बारूद को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की तैयारी कर रही थी. तभी संभवतः अत्यधिक तापमान और रासायनिक रिएक्शन की वजह से पाउडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया.

नष्टीकरण के दौरान हुआ अचानक विस्फोट

इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल पर ही चार जवान शहीद हो गए. उनमें आरक्षक संजय गढ़पाले के अलावा निरीक्षक सुखराम वट्टी, आरक्षक कृष्णा कोमरा शाम‍िल थे. चौथे जवान आरक्षक परमानंद कोर्राम गंभीर रूप से घायल थे, जिनकी मृत्यु हेलीकॉप्टर द्वारा रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई. 

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

chhattisgarh kanker naxal ied blast jawans martyred

बस्तर आईजी ने जताया शोक

बस्तर आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा, "निरीक्षक सुखराम वट्टी के नेतृत्व में इसी टीम ने पूर्व में कई बार सफलतापूर्वक माओवादी आईईडी और विस्फोटक बरामद कर निष्क्रिय किए थे. आज की इस आकस्मिक दुर्घटना में हमने अपने चार बहादुर कमांडो खो दिए. राष्ट्र की सेवा में उनके इस सर्वोच्च बलिदान के लिए हम सदैव ऋणी रहेंगे." पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में शोक की लहर है और शहीद जवानों के गांवों में मातम पसरा हुआ है. 

यह भी पढ़ें- IED ब्लास्ट में चार जवान शहीद, डी-माइनिंग के दौरान हुआ हादसा; एयरलिफ्ट से भी नहीं बच सकी जान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com