भोपाल में आबकारी विभाग ने विदेशी शराब की अवैध तस्करी और सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. कार्रवाई में पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि यह गिरोह राजधानी के पॉश इलाकों अरेरा कॉलोनी, चार इमली और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में विदेशी शराब की सप्लाई करता था. छापेमारी के दौरान विभाग ने बड़ी मात्रा में विदेशी शराब, थार समेत चार कारें और अन्य सामान जब्त किया है. जब्त माल की कुल कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.
15 दिन की निगरानी के बाद हुई कार्रवाई
आबकारी विभाग को पिछले करीब 15 दिनों से सूचना मिल रही थी कि भोपाल में एक युवक अवैध रूप से विदेशी शराब की सप्लाई कर रहा है. सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने निगरानी शुरू की और गतिविधियों पर नजर रखी. पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद अधिकारियों ने गांधीनगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में दबिश देने की योजना बनाई.
कार में शराब ले जाते पकड़ा गया आरोपी
आबकारी विभाग की टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर राहुल यादव उर्फ रवि को पकड़ लिया. जांच में उसके वाहन से 81 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. अधिकारियों ने शराब के साथ कार भी जब्त कर ली. विभाग के मुताबिक आरोपी पहले भी अवैध शराब के एक मामले में पकड़ा जा चुका है.
घर से मिली शराब से भरी पेटियां
राहुल यादव से पूछताछ के बाद टीम त्रिलंगा स्थित विकासकुंज इलाके में उसके घर पहुंची. वहां उसकी पत्नी प्रीति के कब्जे से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. घर में रखी पेटियों में 411.75 लीटर शराब मिली. जांच के दौरान यह भी पता चला कि घर में खड़ी तीन अलग-अलग कारों में भी शराब छिपाकर रखी थी.
पूछताछ में सामने आए दो और नाम
कार्रवाई के दौरान पति-पत्नी से हुई पूछताछ में चंचल साहू और अनिकेत शाक्य के नाम सामने आए. इसके बाद आबकारी विभाग ने चंचल साहू के ठिकाने पर दबिश दी. वहीं बरखेड़ा क्षेत्र में अनिकेत शाक्य को स्कूटी पर शराब की छह पेटियां ले जाते हुए पकड़ लिया गया.
60 लाख से ज्यादा का माल जब्त
पूरी कार्रवाई में विभाग ने कुल 552.75 लीटर विदेशी शराब जब्त की. इसके साथ ही थार सहित चार वाहन भी कब्जे में लिए गए. अधिकारियों के अनुसार जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत 60 लाख रुपये से अधिक है. मामले को राजधानी में विदेशी शराब की अवैध सप्लाई से जुड़ी बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
आगरा और ग्वालियर के रास्ते भोपाल पहुंच रही थी शराब
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त शराब में कई हाई-रेंज विदेशी ब्रांड शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार इन बोतलों पर सामान्य रूप से होने वाली लेवलिंग नहीं मिली है, जिससे संदेह है कि शराब अवैध तरीके से सप्लाई की जा रही थी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह शराब आगरा और ग्वालियर के रास्ते भोपाल तक कैसे पहुंचाई जा रही थी.
पॉश इलाकों और बड़ी पार्टियों में होती थी सप्लाई
पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह राजधानी के पॉश इलाकों अरेरा कॉलोनी, चार इमली और अन्य हाई-प्रोफाइल इलाकों में सक्रिय था. आरोपियों द्वारा बड़ी पार्टियों और चुनिंदा ग्राहकों तक विदेशी शराब पहुंचाई जाती थी. इसी नेटवर्क के जरिए लंबे समय से अवैध कारोबार चलाए जाने की आशंका जताई जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं