विज्ञापन

भोपाल के बड़ा तालाब पर फिर चला बुलडोजर; 350 से ज्यादा अतिक्रमण हटेंगे, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान

Bhopal News: भोपाल के बड़ा तालाब से अतिक्रमण हटाने प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. FTL सीमा में 350 से ज्यादा अवैध निर्माण 21 अप्रैल तक हटाए जाएंगे. पढ़िए पूरी खबर.

भोपाल के बड़ा तालाब पर फिर चला बुलडोजर; 350 से ज्यादा अतिक्रमण हटेंगे, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान
बड़ा तालाब क्षेत्र में प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुलडोजर और पुलिस बल मौजूद

Bhopal News: भोपाल के ऐतिहासिक और जीवनदायिनी बड़ा तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त अभियान शुरू कर दिया है. 10 अप्रैल से बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिसकी शुरुआत हलालपुरा इलाके से की गई. प्रशासन के अनुसार तालाब की एफटीएल सीमा में 350 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें 21 अप्रैल तक चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा. इस अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.

हलालपुरा से शुरू हुई कार्रवाई

जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की शुरुआत हलालपुरा इलाके से की. बैरागढ़ तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई. फरवरी और मार्च में किए गए सर्वे के दौरान हलालपुरा क्षेत्र में कई अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिन्हें अब सूची के अनुसार हटाया जा रहा है.

Bhopal News: भोपाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

Bhopal News: भोपाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

350 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित

प्रशासन के अनुसार बड़े तालाब की एफटीएल (फुल टैंक लेवल) सीमा में तालाब के चारों ओर कुल 350 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं. इन्हें हटाने के लिए 6 अप्रैल से 21 अप्रैल तक का विशेष अभियान तय किया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भोज वेटलैंड रूल्स लागू होने के बाद, यानी 16 मार्च 2022 के बाद बने सभी निर्माण अवैध माने जाएंगे और इन्हें बिना किसी रियायत के हटाया जाएगा. एफटीएल से 50 मीटर तक बने निर्माण इस कार्रवाई के दायरे में हैं.

भारी पुलिस बल रहा तैनात

हलालपुरा इलाके में तालाब किनारे बने फार्म हाउसों पर कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस की मौजूदगी इसलिए सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध या विवाद की स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

मैरिज गार्डन और फार्म हाउस पर कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने एक मैरिज गार्डन के सामने स्थित फार्म हाउस पर भी बुलडोजर चलाया और अवैध कब्जा हटाया गया. प्रशासन का कहना है कि पिछले दो महीनों से लगातार सर्वे कर अतिक्रमणों की पहचान की जा रही थी, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे.

इन इलाकों में सबसे ज्यादा कब्जे

टीटी नगर एसडीएम वृत्त के अंतर्गत आने वाले गौरा गांव और बिसनखेड़ी में सबसे अधिक अतिक्रमण सामने आए हैं. इसके अलावा बैरागढ़ और बहेटा क्षेत्रों में भी लोगों द्वारा तालाब की सीमा में बड़े पैमाने पर निर्माण किए गए हैं. प्रशासन का मानना है कि यह निर्माण पर्यावरणीय नियमों और वेटलैंड कानूनों का उल्लंघन हैं.

वन विहार क्षेत्र में भी मिली अनियमितताएं

वन विहार नेशनल पार्क क्षेत्र में सीमांकन के दौरान करीब 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में 100 से ज्यादा पिलर लगाए जाने की जानकारी सामने आई है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह गतिविधियां भी वेटलैंड नियमों के विरुद्ध हो सकती हैं और इनकी भी जांच की जा रही है.

कहां-कब होगी आगे की कार्रवाई?

  • 10 अप्रैल: हलालपुरा – चिन्हित कब्जों पर कार्रवाई
  • 11 अप्रैल: बैरागढ़ – काशियाना बंगले के पीछे
  • 12-13 अप्रैल: सेवनिया गोंड – सरकारी व निजी जमीन से कब्जे हटेंगे
  • 15-16 अप्रैल: बैरागढ़ – मकान और मैरिज गार्डन शामिल
  • 17 अप्रैल: हुजूर तहसील – सरकारी भूमि
  • 18-19 अप्रैल: टीटी नगर – शेष कब्जे
  • 20 अप्रैल: बैरागढ़ – बचा हुआ अतिक्रमण
  • 21 अप्रैल: हुजूर तहसील – अंतिम कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया है कि अभियान तय समय में पूरा किया जाएगा और किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?

यह भी पढ़ें : कुणाल चौधरी का शिवराज सिंह चौहान पर विवादित बयान; शाजापुर में गेहूं खरीदी पर धरना, जानिए क्या बोल गए?

यह भी पढ़ें : फंड की कमी का बहाना नहीं चलेगा; पेंशन के लिए कुर्सी-टेबल बेचें, लाडकी बहन जैसी योजना बंद करें: बॉम्बे हाईकोर्ट

यह भी पढ़ें : MP में ‘नारी शक्ति वंदन' पखवाड़ा शुरू; 10 से 25 अप्रैल तक होंगे ये कार्यक्रम, अंबेडकर जयंती पर विशेष ग्राम सभा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com