टीवी का लेजेंडरी शो ‘रामायण' आज भी लोगों के दिलों में वैसे ही बसा हुआ है जैसे पहले दिन था. इस टॉपिक कई शो और फिल्में बनीं. बहुत जल्द नितेश तिवारी भी रामायणम् लेकर आ रहे हैं. इस बीच आशुतोष राणा का एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये वीडियो आशुतोष के एक प्ले से है. इस प्ले में आशुतोष राणा ने लंकापति रावण का किरदार निभाया था. इस वीडियो में रावण अपने आखिरी पलों में लक्ष्मण को ज्ञान देते नजर आ रहे हैं. रावण लक्ष्मण को ऐसी बात बता देता है जिसे सुनकर आभास होता है कि सब कुछ पहले से ही तय होता है. सबसे दिलचस्प बात ये है कि यहां रावण खलनायक नहीं बल्कि एक समझदार गुरु की तरह नजर आता है और यही ट्विस्ट लोगों को इस वीडियो से जोड़े हुए है.
वायरल सीन में दिखा रावण का नया अंदाज
वीडियो में रावण युद्ध हार चुका है और जमीन पर पड़ा है, लेकिन उसके शब्दों में अब भी वही ताकत और आत्मविश्वास नजर आता है. भगवान राम के कहने पर लक्ष्मण उसके पास जाते हैं और तब शुरू होती है वो बातचीत, जो आज सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा कारण बनी हुई है. रावण यहां कोई साधारण बात नहीं करता, बल्कि सीधा जिंदगी के गहरे सच पर बात करता है.
लक्ष्मण को समझाया था मित्र और शत्रु में फर्क
वीडियो में ‘राणव' यानी आशुतोष राणा हैं और लक्ष्मण उनके पैरों के पास बैठे हुए हैं. रावण कहता है ‘लक्ष्मण जीवन को मात्र सफल ही नहीं सार्थक करने के लिए मृत्यु दृष्टि और शत्रु दृष्टि का भेद आना अनिवार्य है. मित्रता भले ही अपने से संतुल्य या अपने से निम्न स्तर के व्यक्ति से करना, किन्तु शत्रुता सदैव अपने से योग्य, अपने से श्रेष्ठ व्यक्ति के साथ करना. क्योंकि ये जगत हमारे व्यक्तित्व का आंकलन हमारे मित्रों को देखकर नहीं, हमारे शत्रुओं को देखकर करता है. जितना बड़ा और गरिमापूर्ण हमारा शत्रु होता है उतने ही बड़े और गरिमापूर्ण व्यक्ति की ख्याति को हम प्राप्त होते हैं. देखो इस जगत ने जो कुछ राम से जुड़कर प्राप्त नहीं किया उसे राणव ने राम से लड़कर प्राप्त कर लिया.'
यह भी पढ़ें: कभी विराट कोहली के साथ खेला था क्रिकेट, अब फिल्म स्टार बना ये लड़का, सलमान के साथ दी थी 300 करोड़ की फिल्म
इंटरनेट पर छिड़ गई बहस
जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ, लोगों की राय भी दो हिस्सों में बंट गई. कुछ लोग रावण की इस सीख को जबरदस्त और सोच बदल देने वाली बता रहे हैं, तो कुछ इसे पूरी तरह गलत और असली रामायण से अलग मान रहे हैं. कई यूजर्स कह रहे हैं कि ये प्रसंग वाल्मीकि रामायण में नहीं मिलता, लेकिन इसके बावजूद ये वीडियो धड़ल्ले से शेयर हो रहा है और चर्चा में बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: समय रैना के नए वीडियो पर मुकेश खन्ना का तीखा पलटवार, बोले- “इतनी आलोचना के बाद भी वही भाषा, वही घमंड”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं