विज्ञापन

195KM की रफ्तार, 1951 के बाद से नहीं दिखा ऐसा तूफान... ऑस्ट्रेलिया की ओर बढ़ रहा है भीषण चक्रवात 'मैला' 

सोलोमन द्वीप के पश्चिमी प्रांत क्षेत्र में इमारतें नष्ट हो गई हैं, और कई गांवों में भयंकर बाढ़ की खबरें आ रही हैं, क्योंकि तूफान - जो सप्ताह के अधिकांश समय सोलोमन सागर में रहा और एक समय श्रेणी पांच तक पहुंच गया था, इसके कारण भारी लहरें और तूफ़ान आया.

195KM की रफ्तार, 1951 के बाद से नहीं दिखा ऐसा तूफान... ऑस्ट्रेलिया की ओर बढ़ रहा है भीषण चक्रवात 'मैला' 
  • सोलोमन सागर में सक्रिय ट्रॉपिकल साइक्लोन मैला अगले 24 घंटे में पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की ओर बढ़ेगा
  • मैला वर्तमान में केटेगरी-2 का चक्रवात है और इसकी हवाओं की गति 110 से 155 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच है
  • सोलोमन सागर में 1951 के बाद इतना खतरनाक चक्रवात पहली बार दर्ज किया गया है, जो बेहद दुर्लभ है
नई दिल्ली:

सोलोमन सागर (Solomon Sea) में सक्रिय उष्णकटिबंधीय चक्रवात (Tropical Cyclone) 'मैला' (Maila) के अगले चौबीस घंटे में पापुआ न्यू गिनी (Papua New Guinea) के दक्षिण में और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड तट (Queensland coast) की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है.

ऑस्ट्रेलिया सरकार की ब्यूरो ऑफ मीटरोलॉजी (The Bureau of Meteorology) की 10 अप्रैल को जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, "ट्रॉपिकल साइक्लोन 'मैला' अभी केटेगरी-2 का साइक्लोन है, जिसके केंद्र के पास 110  किलोमीटर प्रति घंटे की गति से निरंतर हवाएं चल रही हैं और इसकी तीव्रता बढ़कर 155 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच रही है."

Latest and Breaking News on NDTV
ऑस्ट्रेलियाई तट की तरफ धीमी गति से बढ़ रहे 'मैला' को कुछ दिन पहले श्रेणी-5 के चक्रवाती तूफान का दर्जा दिया गया था. आज सुबह तक ये केटेगरी-3 का चक्रवाती तूफ़ान था, जिसके केंद्र के पास 140 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से निरंतर हवाएं चल रही थीं, और जिसकी तीव्रता बढ़कर 195 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच रही थीं.

सोलोमन सागर में 1951 के बाद से नहीं आया ऐसा तूफान

कनाडा की मल्टीमीडिया मौसम सूचना सेवा "दी वेदर नेटवर्क" के मुताबिक, 1951 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से सोलोमन सागर में इस तरह का खतरनाक चक्रवाती तूफ़ान अब तक दर्ज नहीं किया गया है. समुद्र की सतह गर्म होने के बावजूद इस क्षेत्र में वातावरण आमतौर पर मजबूत ट्रॉपिकल चक्रवाती तूफ़ान के विकसित होने के लिए प्रतिकूल है.

पैसिफिक आइलैंड्स में की सड़कों और इमारतों को नुकसान

ऑस्ट्रेलियन ब्राडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (ABC) की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, "चक्रवाती तूफ़ान 'मैला' के पापुआ न्यू गिनी की ओर बढ़ने के कारण कई छोटे और दूर-दराज के पैसिफिक आइलैंड्स (Pacific Islands) में सड़कें और इमारतें नष्ट हो गई हैं. चक्रवाती तूफान के कल सुबह दो और द्वीपों को पार करने का पूर्वानुमान है. अब तक इसके कहर से सोलोमन द्वीप और बोगेनविले में तटीय समुदायों ने व्यापक नुकसान की सूचना दी है."

पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सोलोमन द्वीप के पश्चिमी प्रांत क्षेत्र में इमारतें नष्ट हो गई हैं, और कई गांवों में भयंकर बाढ़ की खबरें आ रही हैं, क्योंकि तूफान - जो सप्ताह के अधिकांश समय सोलोमन सागर में रहा और एक समय श्रेणी पांच तक पहुंच गया था, इसके कारण भारी लहरें और तूफ़ान आया.

Latest and Breaking News on NDTV

ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, केटेगरी-2 का चक्रवाती तूफ़ान 'मैला' इस समय सोलोमन सागर में धीमी गति से लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है.

ऑस्ट्रेलिया सरकार के ब्यूरो ऑफ़ मीटरोलॉजी की ताज़ा पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, चक्रवाती तूफ़ान 'मैला' कमजोर होना शुरू हो गया है और अगले कुछ दिनों में इसके और कमजोर होने की उम्मीद है. आज चक्रवाती तूफ़ान 'मैला' के कोरल सागर (Coral Sea) में जाने से पहले पापुआ न्यू गिनी के कुछ दक्षिणपूर्वी हिस्सों को प्रभावित कर सकता है.

इस रविवार से चक्रवाती तूफ़ान 'मैला' उत्तरी क्वींसलैंड तट की ओर बढ़ सकता है, और अगले सप्ताह केप यॉर्क प्रायद्वीप (Cape York Peninsula) को पार कर सकता है.
 

लेखक के बारे में
img
हिमांशु शेखर मिश्रा
Senior Editor, Political & Current Affairs
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Forecast, Weather Update, Solomon Sea Tropical Cyclone Maila, Tropical Cyclone Maila, Australia Queensland Coast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com