विज्ञापन

रक्षाबंधन पर घर आया चचेरा मामा, बहन से राखी बंधवाने के एक दिन बाद 12 वर्षीय भांजी से किया दुष्कर्म

आगर-मालवा में नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया. घटना के बाद पीड़िता का उपचार जारी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

रक्षाबंधन पर घर आया चचेरा मामा, बहन से राखी बंधवाने के एक दिन बाद 12 वर्षीय भांजी से किया दुष्कर्म
  • मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में रक्षाबंधन के अगले दिन 12 वर्षीय बच्ची के साथ चचेरा मामा ने दुष्कर्म किया.
  • आरोपी रक्षाबंधन के मौके पर घर आया था और बच्ची को अकेला पाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया.
  • बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया.

रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्यार और सुरक्षा का प्रतीक है, लेकिन मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले से एक ऐसी झकझोर देने वाली खबर आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों दोनों को तार-तार कर दिया है. त्योहार के ठीक अगले दिन एक 12 साल की मासूम बच्ची दरिंदगी का शिकार हो गई. दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि रिश्ते में बच्ची का चचेरा मामा ही है. 

आरोपी राखी के मौके पर ही घर आया था और घर में बच्ची को अकेला पाकर उसने इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया. घटना के बाद मासूम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. हालांकि, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.

मां के ड्यूटी पर जाते ही पार की हैवानियत की हदें

यह पूरी घटना आगर-मालवा के कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित परिवार एक किराए के मकान में रहता है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी चचेरा मामा रक्षाबंधन मनाने के लिए उनके घर आया हुआ था. शनिवार के दिन जब बच्ची की मां अपनी ड्यूटी के लिए स्कूल चली गई, तो मासूम घर पर अकेली रह गई. इसी सूनेपन का फायदा उठाकर उस दरिंदे ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया.  

हालत बिगड़ने पर मासूम को किया रेफर

इस भयानक घटना के बाद मासूम बच्ची बुरी तरह सहम गई और उसकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई. आनन-फानन में परिवार वाले उसे आगर-मालवा के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज किया, लेकिन बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत किसी अन्य बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.

पुलिस का कड़ा एक्शन, 4 घंटे में दबोचा गया आरोपी

मामले की भनक लगते ही पुलिस एक्टिव मोड में आ गई. आगर के सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि जैसे ही कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना मिली, तुरंत टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई. पुलिस ने इलाके में जबरदस्त घेराबंदी की और घटना के महज चार घंटे के भीतर ही उस आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agar Malwa Latest News, MP Crime Update, POCSO Act Case, Madhya Pradesh Police, Minor Protection Laws
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com