Rinku Singh RSO Job Salary and Profile: उत्तर प्रदेश के 'गबरू' और टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह को T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद यूपी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (RSO) पद पर नियुक्त किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. राज्य सरकार उनके शानदार प्रदर्शन और भारतीय क्रिकेट टीम के प्रति उनके कमिटमेंट के लिए सम्मानित करने जा रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि RSO क्या होता है, इसमें क्या काम करना पड़ता है और रिंकू को हर महीने कितनी सैलरी मिलेगी. आइए जानते हैं.
रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिस क्या होता हैरीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर को ही क्षेत्रीय खेल अधिकारी कहा जाता है. यह खेल विभाग का पद होता है. इनका मुख्य काम अपने क्षेत्र (Region) में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना, खेल स्टेडियमों की देखरेख करना और नए टैलेंट को निखारना होता है. यह एक क्लास-2 गजेटेड ऑफिसर का पद माना जाता है. रिंकू अब न सिर्फ मैदान पर रन बनाएंगे, बल्कि ऑफिस में बैठकर यूपी के भविष्य के खिलाड़ियों की किस्मत भी संवारेंगे.
रिंकू सिंह की सैलरी कितनी होगीयूपी में एक RSO का पे-स्केल शानदार होता है. रिंकू सिंह को स्पोर्ट्स कोटा से ये पद दिया जा रहा है. 7वें वेतन आयोग के अनुसार, आमतौर पर इस पद का बेसिक-पे 56,100 रुपए से शुरू होकर 1,77,500 रुपए तक जाता है. भत्ते (DA, HRA) जोड़कर रिंकू की शुरुआती सैलरी 80,000-90,000 रुपए के आसपास मंथली हो सकती है. हालांकि, रिंकू जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के लिए यह सैलरी से ज्यादा सम्मान की बात है.
संघर्षों से भरा रहा रिंकू का वर्ल्ड कप सफरयह सम्मान रिंकू को ऐसे समय मिल रहा है, जब उन्होंने हाल ही में एक बड़ा निजी दुख झेला है. टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उनके पिता कैंसर (Stage IV) से जूझ रहे थे और टूर्नामेंट के बीच ही उनका निधन हो गया. रिंकू टीम इंडिया की जर्सी और अस्पताल के चक्करों के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन देश के प्रति अपना कमिटमेंट कम नहीं होने दी. योगी सरकार ने उनके इसी जज्बे को सलाम किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं