Jharkhand Muharram Security Arrangements: झारखंड में मोहर्रम ( 26 जून) के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस मुख्यालय ने बेहद व्यापक और कड़ी सुरक्षा योजना की तैयार की है. जुलूसों और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए राज्यभर में 16 हजार से अधिक पुलिस और होमगार्ड जवानों को मोर्चा संभालने के लिए उतारा जाएगा. इसके साथ ही, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनियां भी तैनात की जाएंगी, जिन्हें संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा इंतजामों के तहत तैनाती दी जाएगी.
सुरक्षा के लिहाज से राज्य 3 प्रमुख जोन में विभाजित
राज्य पुलिस ने मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे राज्य की सुरक्षा के लिए झारखंड को तीन प्रमुख जोन में विभाजित किया गया है. इसमें राजधानी रांची, पलामू और हजारीबाग क्षेत्र को 'विशेष निगरानी' वाले जोन के रूप में चिह्नित किया गया है. इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी.
इसके अलावा सभी जिलों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा प्रबंध निश्चित करने को कहा गया है. पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जारी निर्देश में कहा गया है कि मोहर्रम के दौरान पारंपरिक धार्मिक आयोजनों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
हुड़दंग और भड़काऊ गानों पर पूरी तरह बैन
प्रशासन के जरिए जारी सख्त गाइडलाइन के मुताबिक प्रशासन ने भड़काऊ गीतों, आपत्तिजनक नारेबाजी और तय सीमा से अधिक तेज आवाज में बजने वाले यंत्रों( लाउडस्पीकरों) के इस्तेमाल पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया है.
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां हुईं सक्रिय
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह फैलाने की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई होगी. सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. पुलिस साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों को सक्रिय किया गया है ताकि भ्रामक पोस्ट, फर्जी संदेश या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
पिछली बार से इस बार सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत
पिछले कुछ वर्षों में मोहर्रम के दौरान राज्य के कुछ जिलों में तनाव और विवाद की घटनाएं सामने आई थीं. ऐसी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. अधिकारियों ने कहा है कि प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है.
यह भी पढ़ें; वोट पूरे थे तो प्रणव झा कैसे हारे? झारखंड राज्यसभा चुनाव में 'भीतरघात' से बवाल, RJD को कांग्रेस की नसीहत
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं