- झारखंड के लोहरदगा के अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो बदमाशों ने लूट की कोशिश की
- दुकानदार संजय खत्री ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली थी
- दोनों अपराधी अप्रत्याशित प्रतिरोध से घबरा कर दुकान के पास की गली से फरार हो गए थे
झारखंड के लोहरदगा शहर के व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात उस समय टल गई, जब दुकान संचालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हथियारबंद अपराधियों का डटकर मुकाबला किया. हाथापाई के दौरान दुकानदार ने एक बदमाश के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली, जिसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.
सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में घुसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दो युवक ग्राहक बनकर खत्री ज्वेलर्स पहुंचे. पहले उन्होंने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया, लेकिन कुछ ही देर बाद एक युवक ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर दुकान संचालक संजय खत्री को धमकाते हुए लूटपाट का प्रयास किया.
रिवॉल्वर छीनकर लुटेरों पर भारी पड़ा ज्वेलर
— NDTV India (@ndtvindia) July 30, 2026
झारखंड : लोहरदगा के अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात टल गई, जब ग्राहक बनकर पहुंचे दो हथियारबंद बदमाशों ने दुकान में लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान दुकान संचालक संजय खत्री ने साहस दिखाते हुए… pic.twitter.com/l3oKmggnMa
दुकानदार ने छीन ली रिवॉल्वर
अचानक हुई इस घटना के बावजूद संजय खत्री ने हिम्मत नहीं हारी और अपराधी का विरोध किया. देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इसी दौरान संजय खत्री ने अपराधी के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली. अप्रत्याशित प्रतिरोध से घबराए दोनों बदमाश दुकान के बगल की गली से भाग निकले.
घटना के बाद अपर बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस कर रही बदमाश की तलाश
पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं