झारखंड शराब घोटाला मामले की जांच ईडी कर रही है. एसीबी में दर्ज मामले को टेकओवर करते हुए ईडी ने पिछले वर्ष अपनी तहकीकात शुरू की थी और अब एजेंसी ने अपनी जांच तेज कर दी है. शराब घोटाला केस में ईडी ने झारखंड के पूर्व मंत्री और वर्तमान में कांग्रेस के लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. इसके साथ ही एजेंसी ने उत्पाद विभाग के रिटायर्ड कमिश्नर अमित प्रकाश को भी समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है.
ईडी ने मंगाया दस्तावेज
ईडी ने जिन लोगों को समन जारी किया है, उन्हें कई दस्तावेज लेकर आने के लिए कहा गया है. ईडी को इस बात का अंदेशा है कि झारखंड शराब घोटाले में रामेश्वर उरांव और उनके बेटे की भूमिका है. छत्तीसगढ़ की कंपनियों को झारखंड में एंट्री दिलाने में रोहित उरांव का भी हाथ था.
शराब घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की थी
एसीबी ने पिछले वर्ष मई में शराब घोटाला केस में प्राथमिकी दर्ज की थी. इस प्राथमिकी में वरीष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे , उत्पाद विभाग के संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह और विनय सिंह समेत 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था.
शराब घोटाले में चौंकाने वाले नाम
ईडी की जांच का दायरा जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले नाम शराब घोटाला मामले में जुड़ते दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव से पूछताछ में क्या खुलासे होते हैं, यह देखना काफी महत्वपूर्ण होगा.
यह भी पढ़ें: रांची: दुबई से ली 10000 की सुपारी और RSS ऑफिस पर फेंक दिया बम, लेकिन हो गया धोखा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं