विज्ञापन

कब होगी JTET परीक्षा, 9 साल से इंतजार... झारखंड हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग सचिव को जारी किया शोकॉज नोटिस

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) ने 9 सालों से TET एग्जाम नहीं करवाया है. ये मामला अब हाईकोर्ट में पहुंच गया है. कोर्ट को बताए निर्धारित समय सीमा के बावजूद JTET का आयोजन नहीं कराया गया. अब इस मामले में हाईकोर्ट ने विभाग से जवाब मांगा है.

कब होगी JTET परीक्षा, 9 साल से इंतजार... झारखंड हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग सचिव को जारी किया शोकॉज नोटिस
सचिव की ओर से दिए गए आश्वासन के बावजूद शिक्षक पात्रता परीक्षा क्यों नहीं आयोजित की गई.

झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आयोजन में लगातार हो रही देरी पर झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. करीब 9 साल से राज्य में TET परीक्षा नहीं होने के मामले में हाईकोर्ट ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह को शोकॉज नोटिस जारी किया है. जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने सचिव से पूछा है कि न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ अवमानना का आरोप क्यों नहीं तय किया जाए. दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव खुद अदालत में उपस्थित हुए थे.

उन्होंने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित कराने का आश्वासन देते हुए कोर्ट से इसके लिए तीन महीने का समय मांगा था. अदालत ने समय दिया, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद JTET का आयोजन नहीं कराया गया. अब इस मामले में हाईकोर्ट ने विभाग से स्पष्ट जवाब मांगा है कि अदालत के निर्देश और सचिव की ओर से दिए गए आश्वासन के बावजूद शिक्षक पात्रता परीक्षा क्यों नहीं आयोजित की गई.

9 साल से परीक्षा नहीं, हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार

झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी लंबे समय से TET परीक्षा के आयोजन की मांग करते रहे हैं. नियमित अंतराल पर शिक्षक पात्रता परीक्षा नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सामने शिक्षक नियुक्ति की पात्रता हासिल करने का रास्ता भी बाधित हुआ है.

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब शिक्षा विभाग पर JTET के आयोजन को लेकर दबाव बढ़ गया है. अदालत के अगले कदम पर भी सभी की नजरें टिकी हैं. अगर विभाग संतोषजनक जवाब देने में विफल रहता है, तो सचिव के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- 'न्यूज' ने पास किया छत्तीसगढ़ सिविल सेवा एग्जाम, इंटरनेट पर वायरल हुआ शख्स, आयोग को देनी पड़ी सफाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JTET Exam Date 2026, Jharkhand News, Jharkhand High Court
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com