- संसद भवन के मकर द्वार पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे
- अमित शाह से दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर जवाब मांग रहे हैं
- सत्ता पक्ष के सांसद राहुल गांधी पर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बर्बरता को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगा रहे हैं
संसद भवन में बीते कई दिनों से विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे थे. जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सख्ती और राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर होम मिनिस्टर अमित शाह से जवाब मांगने को लेकर सांसद तख्तियां लेकर जुटे थे. लेकिन मंगलवार को स्थिति बदल गई और सत्ता पक्ष के सांसद भी प्रदर्शन करने उतरे. संसद परिसर के मुख्य दरवाजों में से एक मकर द्वार पर दोनों तरफ के सांसद जुटे और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. एक तरफ विपक्षी दलों की मांग है कि अमित शाह संसद में आकर बयान दें और बताएं कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर सख्ती क्यों हुई. इसके अलावा राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर जवाब मांगा है.
वहीं सत्ता पक्ष के सांसद अब राहुल गांधी को निशाने पर ले रहे हैं. उनका कहना है कि झारखंड में पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बर्बरता दिखाई है. इस मसले पर राहुल गांधी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं हैं. सांसदों का कहना है कि यह तो राहुल गांधी का दोहरा रवैया है. बता दें कि झारखंड सरकार में कांग्रेस भी हिस्सेदार है. हेमंत सोरेन की सरकार में कांग्रेस भी जूनियर पार्टनर के तौर पर शामिल है. दरअसल एनडीए के सांसद अब इसलिए भी हमलावर हैं क्योंकि दिल्ली में प्रदर्शन के मसले पर अमित शाह बयान देने के लिए तैयार हैं. अब एनडीए के सांसदों का कहना है कि विपक्ष चर्चा से क्यों भाग रहा है. जब पुलिस के एक्शन पर बात होगी तो झारखंड को लेकर भी चर्चा की जाएगी.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का कहना है कि अमित शाह बयान देने के लिए तैयार हैं. वह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देंगे, लेकिन उन्हें शांति के साथ सुनना होगा. वहीं राहुल गांधी का कहना है कि विपक्ष को अमित शाह को सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है. हमें बस इतना जवाब चाहिए कि दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर बर्बरता क्यों की. बता दें कि दोनों तरफ से गतिरोध बना हुआ है और इसके चलते लोकसभा लगातार कई दिनों से ठप है. यहां तक कि स्पीकर ओम बिरला भी अपील कर चुके हैं कि सदन चलने दिया जाए. उन्होंने विपक्ष से कहा था कि अमित शाह अब बयान देने को तैयार हैं. सरकार ने आपकी मुख्य मांग मान ली है. दूसरे मसलों पर भी चर्चा की जाएगी. अब सहयोग करें और बातचीत को आगे बढ़ाएं.

NDA सांसदों के नारों पर प्रियंका गांधी ने दिया जवाब
बता दें कि मंगलवार को दोनों तरफ के सांसद आमने-सामने आ गए. भाजपा सांसद मुकेश दलाल ने प्रियंका गांधी के संसद पहुंचने पर नारे लगाए- शर्म करो, शर्म करो. राहुल गांधी, शर्म करो.' इस पर प्रियंका गांधी ने भी जवाब दिया कि राहुल गांधी तो पहले ही झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों से मिल चुके हैं. इस पर सांसद ने कहा कि आप झारखंड क्यों नहीं जाती हैं. इसके बाद प्रियंका गांधी ने मीडिया से भी बात की और कहा कि विपक्ष के दबाव में अब सत्ता पक्ष के सांसद भी प्रदर्शन कर रहे हैं. बता दें कि झारखंड पुलिस ने सोमवार को छात्रों पर नियंत्रण करने के लिए लाठियां भांजी और पानी की भी बौछार की. इसी को लेकर अब एनडीए के सांसद हमलावर हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं