विज्ञापन

शिकारी खुद बना शिकार: झारखंड के गढ़वा में मछली पकड़ने गया युवक खुद जाल में फसा, दर्दनाक मौत

झारखंड के गढ़वा में मछली पकड़ने गया एक व्यक्ति खुद अपने ही जाल में फंस गया. झुमेलवा डैम में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में युवक की डूबने से मौत हो गई. अब शव निकालने के लिए NDRF की मदद ली जा रही है.

शिकारी खुद बना शिकार: झारखंड के गढ़वा में मछली पकड़ने गया युवक खुद जाल में फसा, दर्दनाक मौत
झारखंड के गढ़वा में मछली पकड़ने गया एक व्यक्ति खुद अपने ही जाल में फंस गया.

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रंका थाना क्षेत्र के झुमेलवा डैम में मछली मारने गए एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई. बिश्रामपुर के झुमेलवा टोला निवासी सुरेश सिंह हमेशा की तरह जाल लेकर डैम पर मछली पकड़ने पहुंचा था. किसी को अंदाजा नहीं था कि मछलियों को पकड़ने के लिए बिछाया गया जाल खुद उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा.

पानी के भीतर जाल में उलझने से गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेश ने डैम के पानी में जाल फेंका था. जाल खींचने के दौरान वह नीचे किसी चीज़ में फंस गया. फंसे हुए जाल को छुड़ाने के लिए सुरेश ने पानी में गोता लगाया. इसी जद्दोजहद के दौरान उसका शरीर उसी जाल में बुरी तरह उलझ गया, जिसमें उसने मछलियां पकड़ रखी थीं. पानी के भीतर खुद को छुड़ाने की कोशिश में वह छटपटाता रहा और अंततः दम तोड़ दिया.

NDRF की टीम करेगी शव की तलाश

जब काफी देर तक सुरेश पानी से बाहर नहीं आया, तो साथ मौजूद साथी ने शोर मचाया और ग्रामीणों को सूचित किया. देखते ही देखते डैम पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली. अब रंका थाना पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम से मदद मांगी है ताकि शव को डैम से बाहर निकाला जा सके.

परिजनों के बीच मचा कोहराम

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है. पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन का इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें-

बूंद-बूंद की आस लगाकर आई ऊंटनी, पानी की तलाश में खेड़ के अंदर फंसी गर्दन; तड़प-तड़प कर हुई मौत 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Garhwa News, Ranka Police Station, Jharkhand News, Dam Tragedy, Death While Fishing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com