झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में राज्य की सबसे महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजनाओं में शामिल रिम्स-2 के निर्माण को मंजूरी दे दी गई. कैबिनेट ने इस परियोजना के लिए 4,189 करोड़ 41 लाख 26 हजार 604 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. सरकार का मानना है कि रिम्स-2 के निर्माण से झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा. इससे गंभीर बीमारियों के इलाज, मेडिकल शिक्षा और चिकित्सा अनुसंधान को नई गति मिलेगी. साथ ही मरीजों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं राज्य में ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा.
क्यों बनाया जा रहा है RIMS-2
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परियोजना की स्वीकृति नहीं, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही उनका लक्ष्य रिम्स पर बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करना और राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था. इसी सोच के साथ उन्होंने रिम्स-2 की परिकल्पना की और इसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए.
रिम्स-2 में क्या-क्या होगी सुविधा
- लागत: लगभग 4,189 करोड़
- क्षमता: 2,600 बेड
- सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं एक ही परिसर में
- आधुनिक रिसर्च सेंटर
- टेलीमेडिसिन सुविधा
- मेडिकल कॉलेज व प्रशिक्षण की व्यवस्था
- अमृता अस्पताल मॉडल पर निर्माण
- झारखंड को हेल्थकेयर हब बनाने की तैयारी
सरकार का दावा है कि रिम्स-2 के शुरू होने के बाद झारखंड पूर्वी भारत का प्रमुख हेल्थकेयर हब बन सकता है. इससे बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के मरीज भी रांची इलाज के लिए आएंगे, जिससे मेडिकल टूरिज्म और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढ़ेंः 45 रुपये की दिहाड़ी वाला कैसे बना 40 हजार करोड़ की संपत्ति का मालिक? सांसद ढुलू महतो पर विपक्ष का बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं