विज्ञापन

केरल में ट्रैफिक जाम में शख्स को आया हार्ट अटैक, बीच सड़क CPR देकर दो नर्सों ने बचाई जान

केरल में ट्रैफिक जाम के बीच एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आया, तभी वहां फंसी दो नर्सें उसकी मदद के लिए आगे आईं. नर्सों ने तुरंत CPR देकर उसकी जान बचाई, जिसके बाद उनकी सूझबूझ और तत्परता की खूब सराहना हो रही है.

केरल में ट्रैफिक जाम में शख्स को आया हार्ट अटैक, बीच सड़क CPR देकर दो नर्सों ने बचाई जान
केरल में दो नर्सों ने शख्स की बचाई जान

केरल के एर्नाकुलम जिले ट्रैफिक जाम में फंसे एक शख्स को अचानक हार्ट अटैक आ गया. शख्स की जान बचाने के लिए 'देवदूत' बनकर दो नर्स पहुंच गईं. दोनों नर्स भी ट्रैफिक जाम में फंसी थीं. जैसे ही उन्हें हार्ट अटैक की खबर पता चली, वे दोनों दौड़कर पहुंची और शख्स को CPR दिया. नर्सों की सूझबूझ से शख्स की जान बच गई.

नर्सों ने कैसे बचाई शख्स की जान?

यह घटना बुधवार सुबह कलाडी पुल के पास एमसी रोड पर हुई.ओक्कल के पास थन्नीपुझा में लॉटरी की दुकान चलाने वाले 44 साल के सिनोज खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जा रहे थे, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ. ट्रैफिक रुकने पर वे कार के अंदर ही बेहोश हो गए. इसी दौरान केरल रोडवेज बस में सफर कर रही अंगमाली के LF हॉस्पिटल की स्टाफ नर्स अंजलि बैजू और बेंगलुरु में नर्सिंग की छात्रा आर्द्रा राज ने सड़क किनारे हो रही हलचल देखी. वे तुरंत बस से उतरीं, कार के पास पहुंचीं और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन यानी CPR देना शुरू कर दिया.

दोनों ने गाड़ी के अंदर ही CPR देना जारी रखा, जब तक कि सिनोज अंगमाली के अस्पताल नहीं पहुंच गए. डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक उनमें ठीक होने के संकेत दिखने लगे थे.

बड़े अस्पताल में किया जा सकता है शिफ्ट

बाद में जांच से पता चला कि उनकी कोरोनरी आर्टरी ब्लॉक थी और उनकी इमरजेंसी एंजियोप्लास्टी की गई. आगे के इलाज के लिए उन्हें किसी बड़े मेडिकल सेंटर में शिफ्ट किया जा सकता है.

स्थानीय लोगों की मदद से भी यह बचाव कार्य संभव हो पाया. जब एक राहगीर को पता चला कि सिनोज सीने में दर्द के कारण अस्पताल जा रहे हैं, तो उसने गाड़ी की स्टीयरिंग संभाल ली, जबकि अन्य लोगों ने गाड़ी को ट्रैफिक से बाहर निकालने और एम्बुलेंस का इंतजाम करने में मदद की.

नर्सों की समय पर की गई कार्रवाई और आस-पास के लोगों की मदद की काफी तारीफ हो रही है. कई लोग उनकी तेजी से की गई कार्रवाई को ही उस व्यक्ति की जान बचाने का श्रेय दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें: वह जोर-जोर से सांस... बंजी जंपिंग हादसे में जान गंवाने वाली लड़की के आखिरी पलों की कहानी, नर्स की जुबानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala News, Kerala News Hindi, CPR, Cpr For Heart Attack, Heart Attack In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com