झारखंड के गिरिडीह में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो बंद लिफाफा में दवा लिखकर कूरियर और स्पीड पोस्ट के माध्यम से देश के कई शहरों में गांजा की सप्लाई करता था. गिरफ्तारी हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने की है. आरोपी को डुमरी थाना इलाके के बेरमो मोड़ से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक निमियाघाट थाना इलाके के ताम्बागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा हैं. सत्यम को हैदराबाद की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा है. गिरफ्तारी के बाद अभी आरोपी को निमियाघाट थाना में रखा गया है. हैदराबाद की टीम आरोपी के ट्रांजिट रिमांड की तैयारी कर रही है.
युवक को पकड़ती अपहरण की उड़ी अफवाह
बताया जा रहा कि स्पीड पोस्ट से गांजा कई लोगों के पास पहुंचने की जानकारी हैदराबाद नारकोटिक्स को मिली थी. इस मामले में कार्रवाई शुरू हुई तो सत्यम का नाम सामने आया. ऐसे में शनिवार को अचानक हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम डुमरी पहुंच गई. टीम बेरमो मोड के पास एक टायर दुकान पहुंची, जहां पर सत्यम अपनी एक कार का टायर बदलवाने के लिए पहुंचा था.
इसी दौरान सबसे पहले नारकोटिक्स विभाग की टीम के सदस्य दो स्कूटी से वहां पहुंचे. कुछ ही देर बाद एक सफेद रंग की इनोवा कार भी मौके पर आकर रुकी. इसके बाद टीम के सभी सदस्यों ने बेहद नाटकीय अंदाज में सत्यम को घेरकर दबोच लिया और अपने साथ लेकर चले गए. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पकड़ कर वाहन में बैठाया गया तो वहां मौजूद लोगों को लगा कि सत्यम का अपहरण कर लिया गया है.
लिफाफे के ऊपर लिखता था दवा का नाम
ऐसे में स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई तो स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हुई. सत्यम को लेकर हैदराबाद की टीम धनबाद की तरफ निकली थी तो एसडीपीओ डुमरी आबिद खान ने तोपचांची थाना को सूचित किया. सूचना के बाद इनोवा के साथ जा रही हैदराबाद की टीम को तोपचांची पुलिस ने रोका. तब तक गिरिडीह पुलिस भी पहुंच गई. यहां आने पर पता चला कि युवक का अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि हैदराबाद नारकोटिक्स ने गिरफ्तार किया है. ऐसे में आरोपी के साथ हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम को निमियाघाट थाना लाया गया.
इधर प्रारम्भिक पूछताछ में यह बात साफ हुई है डिमांड के अनुसार डुमरी - निमियाघाट क्षेत्र से ही गांजा को लिफाफा या बॉक्स में पैक किया जाता था. फिर उसके ऊपर दवा का नाम. लिखकर पोस्ट कर दिया जाता था. डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम द्वारा ताम्बागुडियो के युवक सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है. युवक पर पोस्ट के द्वारा तेलंगाना समेत अलग - अलग स्थानों पर गांजा सप्लाई करने का आरोप है. आगे जांच चल रही है. (अमर सिन्हा की रिपोर्ट)
यह भी पढे़ं- झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण रोड एक्सीडेंट, यात्रियों से भरे वाहन और ट्रक की सीधी टक्कर से हादसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं