विज्ञापन

राहुल गांधी के घर रची गई AI समिट को बदनाम करने की साजिश... कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन पर BJP का बड़ा हमला

कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन पर बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति थी.

राहुल गांधी के घर रची गई AI समिट को बदनाम करने की साजिश... कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन पर BJP का बड़ा हमला
  • इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध में शर्ट उतार प्रदर्शन किया.
  • संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन राहुल, सोनिया और प्रियंका की मौजूदगी में योजनाबद्ध किया गया.
  • पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की प्रगति में बाधा डालने वाली और घोर गद्दार है.

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (India AI Impact Summit 2026) के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक शर्ट उतार कर विरोध प्रदर्शन किया. इस मामले में बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी के नेता  संबित पात्रा ने कहा कि यह सोची-समझी रणनीति तहत हुई है.

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ प्रदर्शनकारी बारकोड लेकर कार्यक्रम के भीतर प्रवेश कर गए थे और उन्होंने विरोध स्वरूप अपनी टी-शर्ट उल्टी पहनी हुई थी. पात्रा का दावा है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति थी. इस पूरे घटनाक्रम की योजना राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की उपस्थिति में, राहुल गांधी के आधिकारिक आवास पर तैयार की गई थी.

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "...यह किसी युवा कांग्रेस नेता द्वारा सड़क पर रची गई योजना नहीं थी. इसकी योजना राहुल गांधी के आवास पर, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा की उपस्थिति में बनाई गई थी. यह एक प्रयोग है, कोई संयोग नहीं."

सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी घोर गद्दार हैं. देश के सबसे बड़े गद्दार. जहां भी देश प्रगति करता है, जहां भी खुशहाली आती है, ये उसे बिगाड़ देते हैं. ये गद्दार हैं. कांग्रेस के लिए मेरे पास सिर्फ तीन शब्द हैं- बेशर्म, दिमागहीन, निर्लज्ज. आज तो ये बेशर्म और दिमागहीन हो गए. कांग्रेस में इतनी अक्ल नहीं है कि यह एआई शिखर सम्मेलन भाजपा का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का एआई शिखर सम्मेलन है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज जो किया, उससे पूरे देश के युवा नाराज हैं.

पीयूष गोयल ने विपक्ष पर निशाना साधा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 'जब देश आगे बढ़ता है, तो कुछ लोगों को बहुत तकलीफ होती है.' उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बाधा डालना प्रगति को रोकने की कोशिश है.

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पूरी दुनिया नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट को देख रही थी और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व की साक्षी बन रही थी, तब कांग्रेस पार्टी ने देश का गौरव बढ़ाने के बजाय इस आयोजन में बाधा डालने का रास्ता चुना. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अनुचित व्यवहार करते हुए आयोजन स्थल पर हंगामा खड़ा करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है.

देश की छवि खराब करके अराजकता फैलाने... CM योगी

CM योगी ने कहा कि दिल्ली के आयोजित AI समिट में 100 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व हो रहा है. कांग्रेस के संगठन ने आज भारत मंडपम पर शर्मनाक घटना को अंजाम किया है. ये लोग देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. ये देश की छवि खराब करके अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से देश शर्मिंदा हुआ... शिवराज सिंह 

भारत एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से देश शर्मिंदा हुआ. यह सिर्फ कपड़े उतारने की बात नहीं थी, बल्कि भारत माता के सम्मान के साथ खिलवाड़ था. मैं सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खर्गे से पूछना चाहता हूं—क्या आपके लिए राजनीति देश की गरिमा से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है?
 

ये भी पढ़ें :  AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन के बीच बोले पीयूष-देश आगे बढ़ता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Youth Congress, Youth Congress Protest, AI Summit 2026, Delhi AI Summit 2026, Indian Youth Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com