उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नौ साल पूरे कर लिए हैं. इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में प्रदेश में बनाए गए सुरक्षा के माहौल का असर है कि आज उत्तर प्रदेश निवेश का बेहतरीन डेस्टीनेशन बनकर उभरा है. उन्होंने कहा कि यह सुरक्षित वातावरण का ही असर है कि प्रदेश में लोग अपने त्योहार शांतिपूर्वक मना रहे हैं और कहीं से भी किसी तरह के दंगा-फसाद की खबर नहीं आ रही है. उन्होंने कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों में बीजेपी के कार्यकर्ता और नेता समाज के अलग-अलग वर्ग से विचार-विमर्श करेंगे. इस विचार-विमर्श से निकलने वाले अमृत को उनकी सरकार अमल में लाएगी. इससे उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी ने अपनी सरकार ने नौ साल के कार्यकाल को 'नवनिर्माण के नौ साल बताया'.
सपा-कांग्रेस पर हमला और बसपा पर खामोशी
इस अवसर पर उन्होंने अपनी पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी का किसान आत्महत्या के लिए मजबूर था, कारिगर श्रमिक बनकर प्रदेश से पलायन कर रहा था, महिलाएं भय में जीती हुई खुद को कोसती थीं और व्यापारी भी भय में जी रहा था. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास विकास का कोई विजन नहीं था. सीएम योगी ने अपने भाषण में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों पर हमला तो बोला लेकिन बसपा की सरकार का जिक्र तक नहीं किया.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, इनवेस्टमेंट, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से दलितों, वंचितों, अतिपिछड़ों और गरीबों के कल्याण के लिए कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सेवा क्षेत्र में यूपी को एक नई पहचान दिलाई है और आस्था को नई पहचान दिलाई है.
योगी आदित्यनाथ की सरकार ने कितनी नौकरियां दी हैं
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में समाजवादी पार्टी को निशाने पर रखा. उन्होंने 2012 से 2017 तक की अखिलेश यादव की सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्तियां नहीं होती थीं. उन्होंने कहा कि सरकार की नियत साफ नहीं थी. लेकिन उनकी सरकार ने नौ लाख से अधिक नौकरियां दी हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से दो लाख 19 हजार नौकरियां पुलिस विभाग में दी गई हैं.
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का ही काम है कि आज देश का 55 फीसदी एक्सप्रेस वे का नेटवर्क यूपी में है.उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे इसी महीने पूरा हो जाएगा. इसके बाद से देश के एक्सप्रेस वे का 60 फीसदी हिस्सा यूपी में होगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय फोर लेन से जुड़े हुए हैं और प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो रेल चल रही है. इसके साथ ही प्रदेश में 16 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे भी काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि नोएडा के जेवर में बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का इसी महीने 28 मार्च को उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया गया है.उन्होंने कहा कि इस तरह से उत्तर प्रदेश देश में इंफ्रास्ट्रक्चर वाला प्रदेश बनकर उभरा है.
ये भी पढ़ें: 'देवेगौड़ा जी ने मोहब्बत हमसे की और शादी मोदी जी के साथ कर ली', राज्यसभा में बोले खड़गे, PM भी न रोक सके हंसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं