विज्ञापन

UP में 'कच्छा-बनियान' धारी डकैतों का आतंक, ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार फांदकर घुसे, लाखों की नकदी-जेवर लूटे

उत्तर प्रदेश के बदायूं में इस्लामनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में कच्छा-बनियान धारी बदमाशों ने एक घर में घुसकर भीषण डकैती को अंजाम दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति समेत छह लोगों को बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. डकैत लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए हैं. मामले के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत पुलिस की 6 टीमें तैनात की गई हैं.

UP में 'कच्छा-बनियान' धारी डकैतों का आतंक, ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार फांदकर घुसे, लाखों की नकदी-जेवर लूटे
  • बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में कच्छा-बनियान पहने बदमाशों ने घर में घुसकर भीषण डकैती की
  • बदमाशों ने दंपति समेत चार परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीटा और उन्हें बंधक बनाकर फरार हो गए
  • ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने लाखों के जेवरात और नकदी लूट लिए

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इस्लामनगर थाना क्षेत्र में कच्छा-बनियान धारी बदमाशों के एक गिरोह ने देर रात एक घर में घुसकर भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति सहित परिवार के चार सदस्यों को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया और उन्हें बंधक बनाकर फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल दंपति को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश

यह सनसनीखेज मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बिल्सी-बिसौली रोड स्थित इस्लामनगर कस्बे की 'नई बस्ती' का है. यहाँ रहने वाले किसान नजाकत के घर को बदमाशों ने निशाना बनाया. देर रात कच्छा-बनियान पहने बदमाश घर के बाहर खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए. अंदर घुसने के बाद एक बदमाश ने मुख्य दरवाजा खोल दिया, जिससे उसके छह अन्य साथी भी घर के भीतर आ गए.

विरोध करने पर पत्नी समेत पूरे परिवार को पीटा

बदमाशों के घर में घुसते ही लूटपाट की आहट पाकर नजाकत की आंख खुल गई. जब उन्होंने डकैतों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट की आवाज सुनकर जब उनकी पत्नी मिस्कीन बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो बदमाशों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की. नजाकत के अनुसार, बदमाशों ने उनकी पत्नी और परिवार के चार अन्य लोगों को भी पीटा, जिनमें से अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं. लूटपाट के बाद बदमाश पूरे परिवार को बंधक बनाकर मौके से फरार हो गए. किसी तरह बंधनमुक्त होने के बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी.

लाखों के जेवर और नकदी पार

जिला अस्पताल में भर्ती पीड़ित नजाकत ने बताया कि बदमाश उनके घर से करीब सवा लाख (1.25 लाख) रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए हैं. कस्बे में डकैती डालने के अलावा बदमाशों ने इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ही पड़ोसी गांव सिठौली में भी जमकर उत्पात मचाया. वहाँ बदमाशों ने हरचरन, प्रेमपाल, श्याम यादव और मुनेश के घरों सहित कुल तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया.

 हृदेश कठेरिया (एसपी देहात, बदायूं) ने बताया कि "इस्लामनगर कस्बे में चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर करीब सवा लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए हैं. विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट भी की गई, जिसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया. इसके अलावा पास के सिठौली गांव में भी तीन घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. इन दोनों मामलों के त्वरित खुलासे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों को लगाया गया है. जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."

यह भी पढ़ें- हां मैंने भी प्‍यार क‍िया है! हर्षा र‍िछार‍िया ने शेयर की लव स्‍टोरी, संन्‍यास से पहले की ज‍िंदगी के राज खोले

लेखक के बारे में
img
अरविंद
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh News, UP News, UP Crime News, Budaun Dacoity, Kachchha Baniyan Gang
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com