उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में इंडिया (INDIA) गठबंधन के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का सीधा आरोप लगाया है. मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि चुनाव जीतने पर अपनी पीठ थपथपाने वाला और हारने पर ईवीएम (EVM) व चुनाव आयोग (EC) के सिर ठीकरा फोड़ने वाला दोहरा रवैया अब नहीं चलेगा. उन्होंने कांग्रेस और पूरे विपक्षी गठबंधन को अपनी नेतृत्व शैली और सोच बदलने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा हाँ कि यदि पक्ष ने अपना यह रवैया नहीं बदला, तो उनके पास जो कुछ भी थोड़ा-बहुत बचा है, आने वाले समय में वे उसे भी पूरी तरह से गंवा बैठेंगे.
अपनी जीत पर वाहवाही, हारने पर ईवीएम को दोष
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के दोहरे चरित्र पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह बेहद हैरान करने वाला रवैया है. जब ये चुनाव जीतते हैं तो इसे अपनी काबिलियत बताते हैं, लेकिन जब बुरी तरह हारते हैं तो ईवीएम (EVM) और चुनाव आयोग (EC) पर दोष मढ़ना शुरू कर देते हैं. योगी ने कहा कि इस तरह का आचरण अब पूरी तरह से कांग्रेस की मंशा का हिस्सा बन चुका है.उन्होंने कांग्रेस से कहा कि वे अपने नेतृत्व को बदलें.भारत में अराजकता न फैलाएं. इसके अलावा सड़कों पर हो रहे प्रदर्शनों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के नाम पर आम जनता को असुविधा में डालना और देश में अराजकता पैदा करना बेहद निंदनीय है. देश की जागरूक जनता इस अराजकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी और न ही इसे लंबे समय तक बर्दाश्त करने वाली है.
"अविश्वासी नेतृत्व को तुरंत बदलना होगा"
योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों को अपने भीतर सुधार करने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सहयोगियों को अपना भ्रष्ट आचरण और अपने अविश्वासी नेतृत्व को तुरंत बदलना चाहिए. देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा करके देश के माहौल को खराब करने की कोशिशें अब कामयाब नहीं होने दी जाएंगी.अगर विपक्षी दल अभी भी अपनी इस नकारात्मक राजनीति और अविश्वास से भरे नेतृत्व को नहीं बदलते हैं, तो आने वाले समय में जो कुछ भी उनके पास बचा है, वह भी उनके हाथ से निकल जाएगा.
ये भी पढ़ैं: INDIA गठबंधन ने आज क्यों बदली प्रदर्शन की रणनीति? 'मार्च फॉर डेमोक्रेसी' की इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं