पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हत्या की खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसाईं, जिसमें उसकी मौत हो गई. हालांकि, पाकिस्तान या भारतीय एजेंसियों की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इस बीच, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे टायसन बिश्नोई ने पोस्ट कर दावा किया कि हमजा की हत्या उनके गैंग ने करवाई है. इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसने पूरे घटनाक्रम को और सनसनीखेज बना दिया है.
कौन था हमजा बुरहान?
हमजा बुरहान उर्फ अर्जुमंद गुलजार डार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के खरबतपोरा का रहने वाला था. भारत सरकार ने 2022 में उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था.
यह भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली आतंकी हमजा बुरहान की हत्या की जिम्मेदारी, PoK में ढेर हुआ है पुलवामा का मास्टरमाइंड
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, वह 2017 में पढ़ाई के बहाने पाकिस्तान गया था, लेकिन बाद में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र में शामिल हो गया. धीरे-धीरे वह संगठन में कमांडर स्तर तक पहुंच गया.
पुलवामा हमला: जिसने पूरे देश को झकझोर दिया
14 फरवरी 2019 को जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर CRPF जवानों के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. पुलवामा के लेथपोरा इलाके में विस्फोटकों से भरी गाड़ी ने जवानों की बस को टक्कर मार दी थी. धमाका इतना बड़ा था कि CRPF की 76वीं बटालियन के 40 जवान शहीद हो गए थे. हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी. आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार था, जो पुलवामा का ही रहने वाला था.
यह हमला कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों पर हुए सबसे घातक हमलों में गिना जाता है. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था. बाद में भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक भी की थी.
यह भी पढ़ें- कर्नाटक को लेकर कांग्रेस आलाकमान जल्द बुला सकता है बैठक, कैसे सुलझेगा कुर्सी का पेंच?
जांच में क्या सामने आया?
भारतीय जांच एजेंसियों ने इस मामले में 19 आरोपियों की पहचान की थी. जांच के दौरान कई आरोपी मारे गए, जबकि कुछ गिरफ्तार किए गए. हमजा बुरहान को इस साजिश के प्रमुख चेहरों में माना जाता था. अब उसकी हत्या की खबर ऐसे समय आई है, जब पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान और PoK में कई वांटेड आतंकियों की रहस्यमयी हत्याएं हो चुकी हैं. हालांकि, इस मामले में फिलहाल कई सवालों के जवाब आना बाकी हैं. क्या सचमुच लॉरेंस बिश्नोई गैंग इसके पीछे है, या फिर यह किसी और ऑपरेशन का हिस्सा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं