- पंजाब के बरनाला में सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर तीन बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की
- फायरिंग के दौरान गुलाब सिद्धू घर पर नहीं थे, वे अपने अलबम की शूटिंग के लिए ऑस्ट्रेलिया गए हुए थे
- गैंगस्टर डोनी ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली और गुलाब सिद्धू पर मूसेवाला के नाम का गलत उपयोग करने का आरोप लगाया
पंजाब के बरनाला में सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग हुई है. शनिवार की रात को उनके घर पर तीन बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार इस फायरिंग के निशान गुलाब सिद्धू के घर के दरवाजे पर भी देखे जा सकते हैं. गुलाब सिद्धू के घर पर हुई इस फायरिंग के चर्चे इसलिए भी ज्यादा हैं क्योंकि उनका कनेक्शन सिद्धू मूसेवाला से रहा है. मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल 29 मई, 2022 को हुआ था. उन्हें दिनदहाड़े हमलावरों ने पंजाब के ही मानसा जिले के गांव जवाहरके में हमलावरों ने मार डाला था. ऐसे में उनके करीबी रहे गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग की खूब चर्चा हो रही है.
इस बीच एक गैंगस्टर डोनी बल ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. उसका एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसने कहा कि हमने गुलाब सिद्धू के घर का दरवाजा खटखटाया है क्योंकि वह हमारा फोन नहीं उठा रहा था. इसके अलावा उसने आरोप लगाया कि गुलाब सिद्धू की ओर से सिद्धू मूसेवाला के नाम का फायदा उठाया जा रहा है. डोनी ने यह भी कहा कि गुलाब सिद्धू अब मूसेवाला की हत्या करने वालों के दोस्तों के यहां पार्टियों में जा रहा है. जानकारी मिली है कि हमले के दौरान गुलाब सिद्धू घर पर नहीं थे और अपने एक अलबम की शूटिंग के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गए हैं.
भले ही गुलाब सिद्धू को पंजाबी संगीत की दुनिया के बाहर बहुत लोग नहीं जानते हैं, लेकिन बीते कुछ सालों में ही उनका नाम चर्चा में आ गया है. उनके कई ऐसे गाने हैं, जिनके यूट्यूब पर व्यूज करोड़ों में हैं. लाहौर, आधी पागल, जान मेरिये, शुकर मालका और सरपंच जैसे गाने काफी लोकप्रिय रहे हैं. यही नहीं पंजाबी गाने पसंद करने वाले लोग अकसर उनकी तुलना सिद्धू मूसेवाला से करते रहे हैं. ऐसे में अब उन पर हुआ हमला भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है. पंजाबी गायकों और गैंगस्टर्स के बीच लव-हेट के रिश्ते जगजाहिर रहे हैं. माना जाता है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या की भी यह एक बड़ी वजह बना था.

गुलाब सिद्धू की सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल
बता दें कि गुलाब सिद्धू को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं. अब उनकी सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े हुए हैं. बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने कहा कि कम से कम 6 राउंड फायरिंग हुई है. उन्होंने कहा कि तीन संदिग्धों को बाइक पर बैठकर फायरिंग करते देखा गया है. उनकी तलाश हो रही है. इसके अलावा जरूरी डिटेल्स को वेरिफाई किया जा रहा है. गुलाब सिद्धू की मूसेवाला से करीबी का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि उनकी हत्या के बाद उन्होंने जस्टिस फॉर मूसेवाला नाम से कैंपेन भी चलाया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं