विज्ञापन

आरजी कर केस की पीड़िता की मां को बीजेपी ने दिया टिकट, पानीहाटी सीट से बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने 2026 पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए आरजी कर पीड़िता की मां को पनिहाटी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी.

आरजी कर केस की पीड़िता की मां को बीजेपी ने दिया टिकट, पानीहाटी सीट से बनाया उम्मीदवार
  • BJP ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तीसरी उम्मीदवार सूची में a9 नामों की घोषणा की
  • पार्टी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है
  • रत्ना देबनाथ ने राजनीतिक रास्ते से तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने की इच्छा व्यक्त की थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राजनीतिक दलों ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 19 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है. पार्टी ने पूर्व एनएसजी कमांडो और आरजी कर रेप पीड़िता की मां को भी चुनावी मौदान में उतारा है.

पानीहाटी सीट से बनाया उम्मीदवार

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी से अपना उम्मीदवार घोषित किया. हाल के दिनों में उनकी उम्मीदवारी को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं, जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी.

पीड़िता की मां ने जताई थी चुनाव लड़ने की इच्छा

पीड़िता की मां ने कहा था कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव BJP उम्मीदवार के तौर पर लड़ना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि उनका मकसद राजनीतिक रास्ते से TMC सरकार को हटाना है. उन्होंने ये भी आसार जताए थे कि उन्हें उत्तरी 24 परगना की पानीहाटी सीट से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है. पीड़ित की मां ने बताया कि उन्हें पहले भी BJP से प्रस्ताव मिला था, लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं.  उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की थी.

आरजी कर मामले का पूरे देश में हुआ था विरोध

अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल के अंदर 31 साल की महिला डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था और इसके विरोध में राज्य भर में डॉक्टरों और नागरिक समाज समूहों ने लंबे समय तक प्रदर्शन किए थे. यह मामला राज्य में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था. बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया, जबकि TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा.

बीजेपी ने तीसरी लिस्ट जारी की

बता दें कि बुधवार को बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए तीसरी लिस्ट में 19 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. लिस्ट के अनुसार, भाजपा ने कूचबिहार दक्षिण (सीट 4) से रथींद्र नाथ बोस, राजगंज (सीट 18) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार), इस्लामपुर (सीट 29) से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद (सीट 33) से हरिपदा बर्मन, इंग्लिश बाजार (सीट 51) से अमलन भादुड़ी, शांतिपुर (सीट 86) से स्वपन दास, पानीहाटी (सीट 111) से रत्ना देबनाथ, हावड़ा मध्य (सीट 171) से बिप्लब मंडल, उत्तरपाड़ा (सीट 185) से दीपांजन चक्रवर्ती, सिंगुर (सीट 188) से डॉ. अरूप कुमार दास और चंदननगर (सीट 189) से दीपांजन कुमार गुहा को प्रत्याशी बनाया है.

इसके अलावा, पार्टी ने चूंचुड़ा (सीट 190) से सुबीर नाग, हरिपाल (सीट 196) से मधुमिता घोष, तमलुक (सीट 203) से डॉ. हरे कृष्णा बेरा, मेदिनीपुर (सीट 236) से डॉ. शंकर गुच्छैत, पूर्वस्थली दक्षिण (सीट 268) से प्राणकृष्ण तपदार, कटवा (सीट 270) से कृष्णा घोष, सैंथिया (सीट 289) से कृष्णा कांत साहा और नलहाटी (सीट 293) से अनिल सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है.

यह भी पढ़ें: 'भाजपा को वोट देंगे तो आपके घर में सांप घुस जाएगा',चुनावी सभा में अभिषेक बनर्जी का अजीबोगरीब बयान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com