विज्ञापन
3 minutes ago
कोलकाता:

West Bengal Elections 2nd Phase Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है और 11 बजे तक 39.97% वोटिंग  हुई है. मतदान की रफ्तार देख ऐसा लग रहा है कि दूसरे फेज में भी मतदान का नया रिकॉर्ड बनेगा. मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं. इस दौरान कई जगह हिंसा और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आ रही हैं. आज तय हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी होगी. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं. चुनाव के दूसरे चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. चुनाव आयोग ने बताया कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1, 57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, ऐसे में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्‍मीद की जा रही है. दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है, जहां मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं. भवानीपुर सीट को नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं. इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं. पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी.

West Bengal Election 2026 Voting LIVE Updates...

West Bengal Voting LIVE: ईवीएम पर बने भाजपा के चुनाव चिन्ह पर स्याही लगी मिलने के बाद हंगामा

पनिहाटी के एक मतदान केंद्र पर, भाजपा के चुनाव चिन्ह के बटन पर स्याही का धब्बा होने की खबर है, जिससे वह पढ़ा नहीं जा सकता था. आपत्ति जताए जाने के बाद, सैनिटाइजर का उपयोग करके स्याही को हटाया गया. स्थानीय लोग पिछले एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं. टीएमसी कार्यकर्ता वहां जमा हो गए और कथित तौर पर भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ के मुख्य चुनाव एजेंट जय साहा के साथ हंगामा किया.

इस घटना पर बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा, "आज सुबह टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मुझे बुरी तरह निशाना बनाया. उन्होंने गुंडे भेजे जिन्होंने 'वापस जाओ' के नारे लगाते हुए मुझ पर हमला किया. जब मैंने पुलिस से गिरफ्तारी करने को कहा तो उन्होंने सहयोग करने से इनकार कर दिया. अब, एक उम्मीदवार के रूप में, मुझे पता चला कि इस बूथ पर ईवीएम के भाजपा बटन पर स्याही डाली गई है. जनता वोट कैसे डाल पाएगी?"

West Bengal Voting LIVE: EVM में BJP के निशान पर लगी थी स्याही, हुआ हंगामा

पश्चिम बंगाल में पानिहाटी सीट पर एक मतदान केंद्र पर, बीजेपी के चुनाव चिन्ह के बटन पर स्याही का धब्बा लगा होने का आरोप लगा जिससे कमल का निशान दिख नहीं रहा था. आपत्ति जताए जाने के बाद सैनिटाइजर का उपयोग करके स्याही को हटाया गया. स्थानीय वोटर इस वजह से एक घंटे से इंतजार करते रहे. टीएमसी कार्यकर्ता भी जमा हो गए और कथित तौर पर भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ के मुख्य चुनाव प्रतिनिधि जय साहा के साथ हंगामा किया.

West Bengal Voting LIVE: अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी ने डाला वोट, बेटे ने भी पहली बार किया मतदान

बांग्ला फिल्मों के प्रख्यात अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी ने कोलकाता में अपना वोट डाला. उन्होंने कहा, "पूरी प्रक्रिया का ठीक से पालन किया जा रहा है और व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं. इस साल मुझे दोगुनी खुशी है क्योंकि मेरा बेटा पहली बार मतदाता बना है."

West Bengal Voting LIVE: बंगाल का चुनाव हिंसामुक्त होना असंभव हैः अधीर रंजन चौधरी

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि बंगाल के चुनाव में उन्हें पहले से आशंका थी कि सत्ताधारी टीएमसी की ओर से हिंसा होगी. उन्होंने कहा,"बंगाल में चुनाव हिंसामुक्त होगा, यह सोचना असंभव है." अधीर बहरमपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. देखिए Vidseo: 

West Bengal Voting LIVE: हुगली में 1 बजे तक कहां हुआ कितना मतदान

जहां-जहां गड़बड़ी के सबूत मिले वहां दोबारा होगी वोटिंग: CEO मनोज कुमार अग्रवाल

मतदान के दिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, 'हमें जहां से भी सूचना मिली है, जहां आरोप हैं वह एक अलग मामला है, लेकिन जिन जगहों से हमें सही जानकारी मिली है, वेबकास्टिंग से हमने यहां देखा है. जिला मजिस्ट्रेट ने वेबकास्टिंग से देखा है, जहां से जमीनी रिपोर्टें आई हैं. जब पर्यवेक्षक की रिपोर्ट आती है, तो उसमें हमारी ज़ीरो टॉलरेंस नीति है. हमने पहले भी कहा है कि जहां भी हमें सूचना मिलेगी, वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा.'

हाथ में चाकू लेकर घूमने वाले शख्स को हम नहीं जानते: BJP

भाजपा मंडल-3 के उपाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह ने कहा, "मैं भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करता हूं क्योंकि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति हमारी पार्टी से जुड़ा नहीं है. हम उसे नहीं पहचानते. ऐसा लगता है कि उस व्यक्ति ने जानबूझकर भाजपा को बदनाम करने के इरादे से ऐसा किया है."

West Bengal Voting LIVE: "हाथ में चाकू लेकर बीजेपी को वोट डालने के लिए कहने वाला शख्स गिरफ्तार"

टीएमसी नेता अभिषेक चटर्जी ने कहा, 'हमें पता चला है कि भाजपा से जुड़ा एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर यहां (नरसिंह बोस लेन) लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट देने के लिए धमका रहा था. हमने इस घटना का वीडियो बनाकर जिला प्रशासन और मीडिया के साथ साझा किया है. पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. भाजपा सब कुछ हार चुकी है, और इसी वजह से भाजपा लोगों को अपने पक्ष में वोट देने के लिए धमकाने की कोशिश कर रही है.'

West Bengal Voting LIVE: चुनाव ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी पर TMC को वोट डालने के लिए कहने का आरोप

नदिया के करीमपुर निर्वाचन क्षेत्र के चार मुक्तपुर में आरोप सामने आए हैं कि ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सोहम चक्रवर्ती के पक्ष में वोट डालने के लिए सीधे तौर पर कहा. घटना कथित तौर पर चार मुक्तपुर के बूथ नंबर 60 और 61 के सामने हुई, जहां पुलिसकर्मी ने मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया. कांग्रेस उम्मीदवार पूजा रॉय चौधरी ने इस घटना को चुनौती देते हुए मतदान के दौरान कानून प्रवर्तन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

West Bengal Voting LIVE: बंगाल में 1 बजे तक 61.1 प्रतिशत मतदान हुआ

West Bengal Voting LIVE: दोपहर 1 बजे तक 61.1% मतदान

'ममता बनर्जी पैनिक में हैं, वो डरी हुई हैं': अधीर रंजन चौधरी

यह पहली बार हुआ है कि ममता बनर्जी बेचैन तरीके से इधर-उधर घूम रही हैं. बंगाल के लोगों ने इस तरह उन्हें कभी देखा नहीं. यह अभूतपूर्व है. मुझे लगता है कि चुनाव जितने में वो असहज महसूस कर रही हैं. वो पैनिक हैं. असहज महसूस करना, डर महसूस करना है, इसका ही नतीजा है. जिस तरह से वो दौड़ रही हैं ऐसा लगता है कि वो डरी हुई हैं.

West Bengal Voting LIVE: TMC सांसद बोलीं- 'बंगाल में युद्ध जैसी स्थिति है'

टीएमसी सांसद सायनी ने कहा, 'भाजपा को अपने हिसाब से मनगढ़ंत कहानियां गढ़ना बखूबी आता है. हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में हैं और हमें हिंसा भड़काने की जरूरत नहीं है क्योंकि बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ है. आज पश्चिम बंगाल में जो स्थिति है, हजारों सीआरपीएफ जवान तैनात हैं, मैं अभी यही कह रही थी कि अब सिर्फ वायुसेना और नौसेना ही बची हैं. टैंक भी हैं, बंगाल में युद्ध जैसी स्थिति है.'

TMC सांसद सायनी घोष ने कहा, 'BJP को जीत का दावा करना होगा...'

विधानसभा चुनावों पर टीएमसी सांसद सायनी घोष ने कहा, "भाजपा को जीत का दावा करना होगा, वे आत्मविश्वासहीन नहीं दिख सकते और यह वही रणनीति है जिसका वे हमेशा से सहारा लेते आए हैं, चाहे 2021 हो, 2024 हो या 2026. यह बंगाल की जनता के चेहरे पर साफ दिखता है. यह बंगाल की जनता के मिजाज में झलकता है कि वे ममता बनर्जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और जब नतीजे आएंगे, तो जनता का जनादेश स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगा."

West Bengal Voting LIVE: EVM पर BJP के चिन्ह पर लगे टेप को CRPF ने हटाकर वोटिंग वापस शुरू कराई

दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 177 पर भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा ने आरोप लगाया कि ईवीएम पर भाजपा के चिन्ह पर टेप लगा दिया गया था. केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और टेप हटाकर मतदान पुनः शुरू किया.

West Bengal Voting LIVE: सुवेंदु अधिकारी खुद नारे लगाते दिखे- हिंदू भाई-भाई

कोलकाता: भाबानीपुर और नंदीग्राम से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी मतदान केंद्र से निकलते समय 'जय श्री राम' और 'हिंदू हिंदू भाई भाई' के नारे लगाते नजर आए. मतदान केंद्र पर उन्हें टीएमसी समर्थकों ने घेर लिया और उनके चारों ओर नारे लगाए. सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'ये सभी बांग्लादेशी मुसलमान हैं...ये डरे हुए हैं. ममता बनर्जी का सफाया हो जाएगा.'

बंगाल में मतदान का गजब मंजर, खुद सीएम ममता बनर्जी पोलिंग बूथ पर बैठीं

पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण का रण कितना भीषण है, इसकी झलक भवानीपुर सीट पर दिखाई दी. भवानीपुर में ममता बनर्जी पोलिंग बूथों पर खुद एक्टिव हैं, वो पोलिंग बूथ के पास कुर्सी डालकर बैठी हैं.

सीआरपीएफ और पुलिस ने भीड़ पर किया लाठीचार्ज

सीआरपीएफ और पुलिस ने कोलकाता के उस बूथ पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया, जहां भाबनीपुर और नंदीग्राम से राज्य के विपक्ष के नेता और भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को टीएमसी समर्थकों ने घेर लिया था.

West Bengal Voting LIVE: बंगाल में जो 6-7 दशक में नहीं हुआ, आज वैसा मतदान हो रहा है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. अपने संबोधन में उन्होंने पश्चिम बंगाल में आज हो रहे मतदान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा," बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है. पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है. लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है." 

ये लोग वोटर नहीं आउटसाइडर्स हैं: सुवेंदु अधिकारी

 भाबानीपुर और नंदीग्राम से विपक्ष के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी मतदान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे. वहां पहुंचते ही टीएमसी समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और "जय बंगाल" के नारे लगाने लगे. वहां से निकलकर गाड़ी में बैठते हुए सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से कहा- 'मैं बूथ का दौरा कर रहा हूं. ये मतदाता नहीं बल्कि बाहरी लोग हैं. मैं CRPF को बुला रहा हूं.'

West Bengal Voting LIVE: जब TMC बूथ कार्यालय पहुंचे BJP उम्मीदवार, वहीं बैठकर जपने लगे कृष्ण नाम

नबद्वीप विधानसभा क्षेत्र के बलुका इलाके में, भाजपा उम्मीदवार श्रुतिशेखर गोस्वामी तृणमूल बूथ कार्यालय पहुंचे और वहां हाथ में माला लेकर बैठ गए. मतदान की सुबह इस तरह की घटना ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया. हालांकि, भाजपा उम्मीदवार श्रुतिशेखर गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि सभी लोग दिन भर मतदान करेंगे और शाम को लोग एक साथ बैठकर चाय पी सकते हैं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चुनाव के कारण सामाजिक संबंधों को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए. उनके अनुसार, राजनीति में लोग जिसे चाहें उसे वोट देने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन रिश्तों को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए.

West Bengal Voting LIVE: जब BJP कैंडिडेट ने TMC नेता को मारा धक्का! देखें वीडियो

West Bengal Voting LIVE: TMC के 'जय बंगला' के जवाब में BJP कार्यकर्ताओं ने 'जय श्रीराम' के लगाए नारे

दासनगर सिटी आई एडवांस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट मतदान केंद्र पर भाजपा उम्मीदवार अभिनेता रुद्रनील घोष और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार डॉक्टर राना चटर्जी आमने-सामने आए. दोनों उम्मीदवारों के पहुंचते ही बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई. तृणमूल समर्थकों के “जय बंगला” के जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया और मतदान करने आए आम लोगों के सामने तनाव की स्थिति बन गई. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच दोनों उम्मीदवारों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर शालीनता का परिचय दिया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

West Bengal Voting LIVE: वोटर्स के साथ सेल्फी लेते नजर आए अभिनेता रुद्रनील घोष

हावड़ा के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान भाजपा उम्मीदवार और अभिनेता रुद्रनील घोष का अलग ही अंदाज देखने को मिला. वह मतदान केंद्र पर लाइन में खड़े वोटरों के साथ सेल्फी लेते नजर आए. बताया गया कि कई मतदाताओं ने उनसे तस्वीर लेने की इच्छा जताई, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार किया. 

पश्चिम बंगाल में मतदान केंद्र के पास मिला बमों से भरा बैग

पूर्वी बर्धमान जिले के केतुग्राम विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण के मतदान के दौरान, बिरूरी प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र के पास बमों से भरा एक बैग बरामद किया गया. केंद्रीय बलों ने विस्फोटकों को सुरक्षित कर लिया है और सीआईडी ​​बम निरोधक दस्ते द्वारा उन्हें निष्क्रिय करने की तैयारी चल रही है.

'आरजी कर मेडिकल कॉलेज पीड़िता की मां पर TMC कार्यकर्ताओं ने किया हमला'

पनिहाटी: आरजी कर मेडिकल कॉलेज बलात्कार और हत्या पीड़िता की मां और पनिहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा, "टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर हमला करने की कोशिश की और उन्होंने अपशब्दों का प्रयोग किया. उन्होंने कहा कि मैं अपनी बेटी के नाम पर व्यापार कर रही हूं. उन्होंने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया और कहा कि वे मुझे 4 मई को देखेंगे. मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की, लेकिन पुलिस ने मुझे मौके से चले जाने को कहा. मैंने उनसे अपने मुख्य चुनाव प्रतिनिधि को मेरे साथ रहने देने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने इसकी अनुमति नहीं दी. पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद, वे आए और वहां मौजूद सभी टीएमसी कार्यकर्ताओं को वहां से हटा दिया.'

'TMC के गुंडों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज केस की पीडिता के माता-पिता पर हमला किया'

आरजी कर मेडिकल कॉलेज बलात्कार और हत्या पीड़िता के पिता शेखररंजन देबनाथ कहते हैं, "जब हम वहां से गुजर रहे थे, तब मोटरसाइकिल पर सवार टीएमसी के गुंडे रास्ते में मौजूद थे. वे अपने साथ कई और टीएमसी गुंडे लेकर आए और हम पर हमला करने की कोशिश की. पुलिस ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को नहीं हटाया, बल्कि हमें वहां से चले जाने को कहा. वे यह सब इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे हमसे डरे हुए हैं."

बता दें कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज बलात्कार और हत्या पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ पनिहाटी सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं.

West Bengal Voting LIVE: बेलसिंघा के पोलिंग बूथ पर केंद्रीय बल ने किया लाठीचार्ज

दक्षिण 24 परगना के फलता विधानसभा क्षेत्र के बेलसिंघा स्थित 186 नंबर बूथ पर केंद्रीय बल ने लाठीचार्ज किया है. जानकारी के मुताबिक, पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को हटाने के लिए केंद्रीय बल के जवानों ने लाठीचार्ज किया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि मतदान प्रक्रिया जारी है.

मतदान वाले दिन NIA के आने पर TMC उम्मीदवार का बयान

पश्चिम बंगाल के भंगर से टीएमसी के उम्मीदवार शौकत मोल्ला ने कहा, "आज मतदान का दिन है. आज किसी को नहीं पता था कि NIA आएगी, लेकिन वे आ रहे हैं. हम किसी को दोष नहीं दे रहे हैं, लेकिन मैं चुनाव आयोग का ध्यान इस ओर दिलाना चाहता हूं कि NIA की टीम चुनाव के दिन क्यों आ रही है? क्या वे जनता से डरते हैं? मैं एनआईए टीम से अनुरोध करूंगा कि वे वापस चले जाएं..."

West Bengal Election LIVE Updates: हुगली में पोलिंग बूथ पर भिड़े बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ता

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के दौरान, खानकुल विधानसभा क्षेत्र के रामचंद्रपुर आदर्श विद्याभवन स्थित बूथ संख्या 147-148 पर भाजपा और टीएमसी के मतदान एजेंटों के बीच झड़प हो गई. सीआरपीएफ की सब-इंस्पेक्टर उषा ने बताया, "यह एक मामूली घटना थी. फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है. सीआरपीएफ की महिला बटालियन 240 यहां तैनात है."

West Bengal Election 2026 LIVE Updates: ईवीएम से छेड़छाड़ पाई गई, तो उन बूथों पर कराएंगे दोबारा चुनाव- बंगाल चुनाव आयोग

पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच कई जगह हिंसा और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की खबर आ रही हैं. इस बीच चुनाव आयोग ने साफा कर दिया है कि अगर ईवीएम से छेड़छाड़ हुई है, यदि किसी EVM के बटन को टेप करने की खबरें आती हैं, तो उनकी पुष्टि की जानी चाहिए और उन्हें नोट किया जाना चाहिए. यदि वे सच पाई जाती हैं, तो उन बूथों पर दोबारा मतदान होगा.

NDTV के कंसल्टिंग एडिटर अजीत झा ने बताया, बंगाल में चुनाव के दौरान ज्यादा हिंसा क्यों होती थी?

बंगाल में हिंसक झड़पों के बीच 11 बजे तक 39.97% वोटिंग

पश्चिम बंगाल के लिए दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान हिंसक झड़कों के बीच 11 बजे तक 39.97% वोटिंग मतदान हुआ है. 23 अप्रैल को पहले फेज में 11 बजे तक 41.1% वोटिंग हुई थी. वोटिंग की रफ्तार को देख ऐसा लगता है कि इस बार भी रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग होगी. 

बंगाल चुनाव: उत्तर 24 परगना में TMC और BJP समर्थकों के बीच झड़प, वहीं हुगली के एक बूथ पर तनाव

West Bengal Polls 2026: रॉड और लाठियां लेकर घूम रहे TMC के लोग, मेरी कार पर किया हमला: बीजेपी उम्‍मीदवार का आरोप

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान काफी बवाल हो रहा है. बसंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिकाश सरदार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी कार पर हमले का आरोप लगाया है. उन्‍होंने बताया, "इस निर्वाचन क्षेत्र में हर जगह टीएमसी की गुंडागर्दी हो रही है. 200-250 टीएमसी गुंडों ने रॉड और बांस की लाठियों से मेरी कार पर हमला किया. उन्होंने मेरे ड्राइवर पर भी हमला किया."

West Bengal Election LIVE Updates: ईवीएम पर बीजेपी उम्मीदवार के नाम पर टेप चिपकाई गई, बीजेपी का आरोप

पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दौरान मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर धांधली के आरोप लग रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के आईटी सेल के राष्ट्रीय प्रभारी अमित मालवीय ने एक्‍स पोस्‍ट में कहा, " कई मतदान केंद्रों पर बीजेपी को वोट देने का बटन टेप से कवर कर दिया गया है, जिससे मतदाताओं को अपना विकल्प चुनने से रोका जा रहा है. यही तथाकथित 'डायमंड हार्बर मॉडल' है, वही मॉडल जिसने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लोकसभा सीट जीतने में मदद की. हम फाल्टा के उन सभी प्रभावित बूथों पर तत्काल पुनर्मतदान की मांग करते हैं] जहां ऐसी घटनाएं हुई हैं.

West Bengal Voting LIVE: वोटिंग के दौरान नादिया में बवाल, BJP पोलिंग एजेंट पर हुआ हमला

पश्चिम बंगाल में दूसरे फेज के लिए वोटिंग जारी है. इस बीच नादिया के छपरा विधानसभा सीट के हत्रा पंचायत के बूथ नंबर 52 के भाजपा पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर पर कुछ लोगों ने हमला किया, जिससे उनके सिर पर चोट आई है. मीर ने बताया, "कुछ TMC के गुंडे वहां छिपे हुए थे. उनके खिलाफ कई केस हैं. जनियालामुल्ला एक क्रिमिनल है. उसके पास एक गन थी और 2  और लोगों के पास भी गन थी. वे उन्हें लहरा रहे थे. फिर, करीब 15-20 और लोग हमारी तरफ आए. उनके पास लोहे की रॉड और बेंत थीं. उन्होंने पहले मुझ पर हमला किया और मुझे मारा, जिससे मैं गिर गया. उसके बाद, वे मुझे बार-बार मारते रहे. उन्होंने मेरे साथ लोगों पर भी हमला किया. मेरे सिर पर 6 टांके लगे हैं. मैं चाहता हूं कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे. मुझे इंसाफ चाहिए."

West Bengal Election LIVE Updates: हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं. क्या चुनाव इसी तरह होते हैं... वोटिंग के दौरान भड़कीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी की उम्मीदवार ममता बनर्जी मतदान के दौरान काफी भड़की हुई नजर आ रही हैं. उन्‍होंने कहा, "...बाहर से इतने सारे पर्यवेक्षक आए हैं. भाजपा जो कहती है, वही करती है. ज़रा चारों ओर देखिए, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं. क्या चुनाव इसी तरह होते हैं? वोट मतदाता डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं. कुछ नए लोगों को हाल ही में लाया गया है और वे मनमानी कर रहे हैं."

West Bengal Election LIVE Updates: पश्चिम बंगाल में सुबह 9 बजे तक कहां कितना प्रतिशत मतदान

मतदान प्रतिशत कहां-कहां रहा?

  • कैनिंग ईस्ट- 18.10 प्रतिशत
  • डायमंड हार्बर- 17.31 प्रतिशत
  • फाल्टा- 17.14 प्रतिशत
  • गोसाबा- 17.94 प्रतिशत
  • जादवपुर- 16.16 प्रतिशत
  • काकद्वीप- 19.10 प्रतिशत
  • आरामबाग- 21.07 प्रतिशत
  • बालागढ़- 20.26 प्रतिशत
  • चापदानी- 19.69 प्रतिशत
  • चंदननगर- 17.95 फीसदी
  • चंडीतला- 20.14 प्रतिशत
  • चुंचुरा- 20.01 प्रतिशत
  • धानेखली- 20.51 प्रतिशत
  • गोघाट- 21.40 प्रतिशत
  • हरिपाल- 20.18 फीसदी
  • जंगीपारा- 19.92 प्रतिशत
  • खानाकुल- 20.55 प्रतिशत
  • पाण्डुआ- 20.79 प्रतिशत
  • पुरशुरा- 20.67 प्रतिशत
  • सप्तग्राम- 20.57 प्रतिशत
  • सिंगुर- 20.10 फीसदी
  • श्रीरामपुर- 19.72 फीसदी
  • तारकेश्वर- 20.12 फीसदी
  • उत्तरपाड़ा- 18.55 प्रतिशत

West Bengal Voting LIVE: फर्जी बूथ एजेंट को लेकर हुगली जिले के पोलिंग बूथ पर बवाल, ISF और TMC कार्यकर्ता भिड़े

पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हुगली जिले के खानकुल जिले की राजहाटी-1 पंचायत के रामचंद्रपुर में बूथ नंबर 147 पर फर्जी मतदान एजेंटों की नियुक्ति के आरोपों को लेकर बवाल हो गया. इसके बाद बूथ के ठीक सामने आईएसएफ और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प हो गई. आईएसएफ के अनुसार, उनके मतदान एजेंट का फॉर्म जाली था और तृणमूल एजेंट को अवैध रूप से बूथ पर बैठाया गया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके असली एजेंट को रात भर धमकाया गया और बूथ तक पहुंचने से रोका गया. खबर मिलते ही खानकुल से आईएसएफ उम्मीदवार बूथ पर पहुंचे और कथित फर्जी एजेंट को वहां से हटा दिया.

Assembly Election 2026 LIVE: क्‍या बंगाल चुनाव के दूसरे फेज में भी बनेगा रिकॉर्ड, सिर्फ 2 घंटे में 18.39% मतदान

पश्चिम बंगाल चुनाव में वोटिंग का प्रतिशत बता रहे हैं कि इस बार भी रिकॉर्ड बनेगा. सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान हो चुका है. शुरुआती 2 घंटों में सबसे ज्‍यादा वोटिंग पूर्वी बर्धमान ज़िले में 20.86 फीसदी हुआ है. वहीं भवानीपुर में सबसे कम मतदान होने की खबर आ रही है. जहांगीर खान की विधानसभा फाल्टा में 17.14 फ़ीसदी वोट अभी तक डाले गए हैं. इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले फेज के चुनाव में 9 बजे तक 18.76 फ़ीसदी वोटिंग हुई थी. 

West Bengal Voting LIVE: 9 बजे तक 18.39% मतदान

पश्चिम बंगाल के दूसरे फेज में भी बंपर वोटिंग होते हुए नजर आ रही है. 9 बजे तक 18.39% मतदान हुआ है. मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. इससे ऐसा लग रहा है कि पहले चरण की तरह दूसरे फेज में भी मतदान का नया रिकॉर्ड बनेगा. 

West Bengal Voting LIVE: मुझे बंगाल की जनता पर भरोसा, चौथी बार बनेगी TMC की सरकार- TMC सांसद अभिषेक बनर्जी

पश्चिम बंगाल के बीच टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, "मुझे जनता पर भरोसा है. जिस तरह से बंगाल की जनता को प्रताड़ित किया गया है, 4 मई को भाजपा की सीटें 50 से भी कम रह जाएंगी. मैं कोई राजनीतिक ज्योतिषी नहीं हूं. मैंने कहा था कि तृणमूल की सीटों की संख्या बढ़ेगी. मैं अपने उस दावे पर कायम हूं, जो मैंने एक साल पहले किया था. मैंने एक साल पहले कहा था कि तृणमूल का वोट प्रतिशत बढ़ेगा और 2021 से भी अधिक बहुमत के साथ. तृणमूल चौथी बार सरकार बनाने जा रही है, और मैं आपसे 4 तारीख को मिलूंगा."

West Bengal Election LIVE Updates: मतदान के बीच भवानीपुर पहुंचीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल में चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के दौरान टीएमसी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर के चक्रबेरिया सर्वजनिन विधानसभा क्षेत्र में मौजूद हैं. वह इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं. यहां बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी उन्‍हें टक्‍कर दे रहे हैं.  

West Bengal Election LIVE Updates:सब हिंदू BJP को वोट कर रहा... बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी

मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से मैदान में उतरे सुवेंदु अधिकारी का कहना है कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. सभी हिंदू बीजेपी को वोट करने जा रहे हैं. बीजेपी ने इस बार पश्चिम बंगाल में सत्‍ता परिवर्तन करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है. 

West Bengal Voting LIVE: हमने पहले कभी ऐसा चुनाव नहीं देखा... वोट डालने के बाद TMC सांसद महुआ मोइत्रा

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अपना वोट डालने के बाद टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, "मुझे सुबह-सुबह वोट डालने का मौका मिला, इससे मैं बहुत खुश हूं. हम वही जारी रखने जा रहे हैं जो हमने पहले चरण में शुरू किया था. पहले चरण में हमने जो देखा, और आज जो देखने की संभावना है, उसे मैं 'बदले की भावना से मतदान' कहूंगी. हमें उम्मीद है कि पूरे दिन भारी संख्या में लोग मतदान करेंगे. हमने पहले कभी ऐसा चुनाव नहीं देखा. वैसे तो मतदान आमतौर पर लोकतंत्र का उत्सव होता है, लेकिन इस बार यह सैन्य शासन जैसा लग रहा है, जैसा कि आप देख सकते हैं."

West Bengal Election 2026 LIVE Updates: रिकॉर्ड वोटिंग कर लोकतंत्र को जिंदा रखें... PM मोदी की वोटर्स से अपील

पश्चिम बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड वोटिंग कर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की है. उन्‍होंने एक्‍स पोस्‍ट में लिखा, "आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा चरण है. आज मतदान करने वाले सभी लोगों से आग्रह है कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें और हमारे लोकतंत्र को अधिक जीवंत और सहभागी बनाएं. यह महत्वपूर्ण है कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं और युवा, विशेष रूप से, बड़ी संख्या में मतदान करें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें."

West Bengal Voting LIVE: ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें... अमित शाह की अपील

गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है. उन्‍होंने सोशल मीडिया पोस्‍ट में लिखा, "बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें.

आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का माध्यम बनेगा. बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो. ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें.

West Bengal Election LIVE Updates: जल्‍दी-जल्‍दी अपना वोट डाल दे, क्‍योंकि मौसम बेहद गर्म है: बीजेपी उम्‍मीदवार पवन सिंह

पश्चिम बंगाल चुनाव में भाटपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है. मुझे उम्मीद है कि दिन भर शांति बनी रहेगी, क्‍योंकि गड़बड़ी करने वाले लोग जेल में हैं या फिर राज्‍य से बाहर हैं. लेकिन मैं लोगों से जल्द से जल्द वोट डालने का आग्रह करना चाहूंगा, क्‍योंकि मौसम काफी गर्म है. लगातार गर्मी बढ़ रही है, दोपहर में गर्मी में पोलिंग बूथों के बाहर कतरों में खड़े रहना मुश्किल हो सकता है. इसलिए सुबह-सुबह वोट डाल देना चाहिए."

West Bengal Voting LIVE: आरजी कार मेडिकल कॉलेज में दुष्‍कर्म और हत्या की पीड़िता की मां बोलीं- हमें न्‍याय मिलेगा

आरजी कार मेडिकल कॉलेज में बलात्कार और हत्या की पीड़िता की मां और पनिहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ का कहना है, "हम जीतेंगे, हमें न्याय मिलेगा. लोग हमें वोट देंगे."

West Bengal Election LIVE Updates: वोट डालने से पहले भावुक हुए आरजी कार मेडिकल कॉलेज दुष्‍कर्म और हत्या पीड़िता के पिता

आरजी कार मेडिकल कॉलेज दुष्‍कर्म और हत्या पीड़िता के पिता शेखररंजन देबनाथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने जाने की बात करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने कहा, "यह बहुत दुखद है कि हमें अपनी बेटी के लिए न्याय पाने के लिए यह तरीका अपनाना पड़ रहा है. लेकिन हम जीतेंगे और अपनी बेटी के लिए न्याय दिलाएंगे... हम जनता के साथ हैं." बता दें कि उनकी पत्नी रत्ना देबनाथ भाजपा उम्मीदवार के रूप में पनिहाटी सीट से चुनाव लड़ रही हैं.

West Bengal Polls 2026: बीजेपी उम्मीदवार रूपा गांगुली कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर पहुंचीं

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी ने पूरा जोर लगा दिया है. बीजेपी का दावा है कि इस बार राज्‍य में उनकी सरकार बनने जा रही है. बीजेपी के सभी उम्‍मीदवार पोलिंग बूथों पर डटे हुए हैं. सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रूपा गांगुली कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह पहुंचीं. 

West Bengal Voting LIVE: उत्तर 24 परगना के बारानगर में मतदान केंद्र के बाहर लंबी कतारें

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो सकती है. उत्तर 24 परगना के बारानगर में एक मतदान केंद्र पर लोग कतार में खड़े हैं. ये लोग वोटिंग शुरू होने से पहले ही पोलिंग बूथ के बाहर पहुंच गए. लोगों में मतदान के प्रति गजब का उत्‍साह देखने को मिल रहा है.   

West Bengal Election 2026 LIVE Updates: बंगाल के राज्यपाल ने अंतिम चरण में भारी मतदान की अपील की

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने मंगलवार को राज्य के लोगों से 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दूसरे और अंतिम चरण में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की. राज्यपाल ने मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार वोट डालने वालों से बड़ी संख्या में बाहर आकर लोकतंत्र को मजबूत करने का आग्रह किया. राज्यपाल रवि ने कहा कि चूंकि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का अगला और अंतिम चरण बुधवार को होने जा रहा है, इसलिए वह सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करते हैं.

West Bengal Election LIVE Updates: बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

West Bengal Voting LIVE: किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं

इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है. 142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है. दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं. बंगाल चुनाव में मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है. इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे. 

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com