विज्ञापन

बंगाल में कहां से ममता का उपचुनाव संग्राम, रेजीनगर या नंदीग्राम?

बंगाल उपचुनाव पर सबकी नजर: क्या ममता बनर्जी लड़ेंगी चुनाव, नंदीग्राम या रेजीनगर कौन सी सीट बनेगी पसंद?

क्या उपचुनाव लड़ेंगी ममता?
NDTV

चुनाव आयोग ने विधानसभा की पांच और लोकसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा की है. इसमें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की 2-2 और पुडुचेरी की एक सीट पर उपचुनाव होने हैं, जबकि लोकसभा के लिए असम के नौगांव जो प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई है वहां भी चुनाव होने हैं. इन सभी सीटों के लिए 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं और 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी.

बंगाल के उपचुनाव पर सबकी निगाहें

इस उपचुनाव में सबकी निगाहें पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं, जहां रेजीनगर और नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव होने हैं. रेजीनगर की सीट हुमायूं कबीर ने खाली की है जो नौदा से भी जीते थे तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने भवानीपुर सीट रखने का फैसला किया है और नंदीग्राम सीट छोड़ दी है. यही वजह है कि रेजीनगर और नंदीग्राम में उपचुनाव होने जा रहा है.

क्या ममता लड़ेंगी चुनाव?

अब कोलकाता में सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि क्या ममता बनर्जी को इन दोनों जगहों में से किसी सीट से चुनाव लड़ना चाहिए. कई जानकारों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद जो राजनीतिक घटनाक्रम हुआ है और जिस तरह से ममता बनर्जी की पार्टी तोड़ी गई चाहे वो विधानसभा में हो या लोकसभा में, ममता बनर्जी को विधानसभा चुनाव लड़ कर सदन में होना चाहिए. यदि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल विधानसभा का सदस्य बनती हैं तो उन सभी मुद्दों को सदन में भी बखूबी उठा सकती हैं, जिसकी आजकल चर्चा है.

अगर ममता विधायक बनती हैं तो नेता प्रतिपक्ष भी बन सकती है और अपनी पार्टी को भी बचाए रख सकती है. वैसे तो ममता बनर्जी सड़क या आंदोलन की राजनीति के लिए जानी जाती हैं, लेकिन विधानसभा में रहकर वो ज्यादा प्रभावी हो सकती हैं. खासकर अभी जो 'दुर्गापूजा में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं' का मामला चल रहा है. साथ ही कोलकाता में ही बड़ी संख्या में छोटे-छोटे ढाबे और होटलों पर भी स्वच्छता के नाम पर कारवाई हो रही है, जो यह भी वहीं पर मुद्दा बनने जा रहा है.

ममता के लिए कौन सी सीट महफूज?

अब सबसे बड़ा सवाल है कि ममता बनर्जी के लिए सबसे महफूज सीट कौन सी रहेगी. अगर आंकड़ों को देखें तो नंदीग्राम की सीट ममता बनर्जी के लिए सबसे सेफ दिखती है, क्योंकि मुख्यमंत्री का उम्मीदवार होते हुए भी शुभेन्दु अधिकारी की नंदीग्राम में जीत 9665 वोटों से ही हो पाई. इसलिए माना जा रहा है कि अगर ममता बनर्जी यहां से लड़ती हैं तो जीतना आसान होगा. वैसे नंदीग्राम में 2021 में ममता बनर्जी बनाम शुभेन्दु अधिकारी का मुकाबला हो चुका है जहां शुभेन्दु ने 1956 वोटों से ममता बनर्जी को हराया था. लेकिन अब मुख्यमंत्री रहते क्या शुभेन्दु अधिकारी ममता को नंदीग्राम से जीतने देंगे? 

अब रही बात रेजीनगर की सीट, यह मुर्शिदाबाद जिले की सीट है जो बहरामपुर लोकसभा में पड़ता है. यहां से कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी कई बार सांसद रहे हैं. रेजीनगर विधानसभा में 65 फीसदी मुस्लिम आबादी है और अगर ममता बनर्जी यहां से चुनाव लड़ेंगी तो पश्चिम बंगाल के अल्पसंख्यकों में भी एक अच्छा संदेश जाएगा. जानकार यह भी मानते हैं कि ममता बनर्जी को इन दोनों सीटों के उपचुनाव के लिए कांग्रेस से गठबंधन कर लेना चाहिए. इससे रेजीनगर सीट तृणमूल के लिए आसान हो सकती है, जबकि नंदीग्राम की सीट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभांकर सरकार के लिए छोड़ देना चाहिए क्योंकि वो वहीं के रहने वाले हैं.

सिंबल को लेकर भी फंसा पेंच

इस उपचुनाव को लेकर एक और पेंच है कि नामांकन तक ममता बनर्जी के पास जोड़ा फूल का सिंबल रहेगा या नहीं. क्योंकि तृणमूल के बागी गुट के नेता रितु दत्ता का कहना है कि 'हम दोनों सीटों पर लड़ेंगे और पार्टी का सिंबल भी हमारे उम्मीदवार को मिलेगा.'

वही तृणमूल कांग्रेस के कुणाल घोष का कहना है कि लोग ममता बनर्जी के साथ हैं और हमारा उम्मीदवार वहां से जरूर चुनाव लड़ेगा. बीजेपी के सजल घोष का कहना है कि ममता बनर्जी दोनों सीटों से लड़ें और हमें उन्हें फिर से हराने में मजा आएगा.

वैसे यह भी सच है कि ममता बनर्जी ने विपक्ष में रहते हुए कभी चुनाव नहीं लड़ा है. 2011 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके लिए सुब्रत ब़क्षी ने सीट छोड़ी थी. इस बार भी यही सबसे बड़ा सवाल है कि क्या ममता बनर्जी उपचुनाव में लड़ कर सदन में जाएगी या फिर सड़क की ही राजनीति जारी रहेगी. 

यह भी पढ़ें: अष्टमी पर ड्राई डे, DJ और ग्रांट नहीं; दुर्गा पूजा को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने खत्म की ममता सरकार की ये परंपरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bypoll, Bypoll Election Results, ByPoll Announced, Mamta Benarjee, West Bengal By Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com