विज्ञापन

पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 20 प्रतिशत बढ़ा DA; बजट में कई बड़े फैसले

पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का डीए 20 प्रतिशत बढ़ाया है और विधायक फंड को 70 लाख से एक करोड़ रुपये कर दिया है.

पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 20 प्रतिशत बढ़ा DA; बजट में कई बड़े फैसले
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का DA 20 प्रतिशत बढ़ा दिया है. वहीं, विधायक फंड को 70 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया है. बंगाल में बीजेपी सरकार ने आज अपना पहला पूर्ण बजट पेश किया, जिसमें शुभेंदु सरकार ने कई घोषणाएं की है. बजट में बेरोजगार युवाओ, महिलाओं, छात्रों, बुर्जुगों सभी का ध्‍यान रखा गया है. वित्‍त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने बजट पेश करते हुए बताया, 'भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासनिक ढांचा बनाना हमारे विजन का एक मुख्य स्तंभ है. हमें राज्य के लोगों का भरोसा फिर से जीतना होगा. राज्य सरकार ने नागरिकों तक पहुंचने के लिए 'आपकी सरकार, आपके साथ' नाम से एक नई पहल शुरू की है. 

MLA फंड 70 लाख से बढ़ाकर किया एक करोड़ रुपये

वित्त मंत्री स्वप्न ने बताया कि राज्य पर कुल 8,15,891 करोड़ का कर्ज है. लेकिन विकास की गति न रुके इसके लिए विधायक फंड को 70 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ कर दिया गया है. मुर्शिदाबाद में जमीन के कटाव को रोकने के लिए 50 करोड़ आवंटित किए गए हैं. 

एक लाख खाली पदों पर होगी भर्ती 

एक लाख खाली पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे. इसमें पुलिस विभाग के लिए 20,000 कर्मियों और 50,000 शिक्षकों व शिक्षा कर्मचारियों की भर्ती शामिल है. जहां लागू हो, वहां 10 प्रतिशत रिक्तियां 'अग्निवीरों' के लिए आरक्षित होंगी. सरकारी पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में पहले ही पांच साल की छूट दी जा चुकी है, और यह प्रावधान अगले दो वर्षों तक लागू रहेगा.

बंगाल में महिलाओं के लिए सौगातें 

  • महिला योजना- 'अन्नपूर्णा भंडार' के लिए ₹3600 करोड़ आवंटित.
  • कॉलेजों और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में अविवाहित महिलाओं को पढ़ाई छोड़ने से रोकने के लिए एक बार में 50,000 दिए जाएंगे.
  • आने वाले दिनों में अनुमंडल-वार महिला पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे.
  • विधवाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता में 500 की बढ़ोतरी: स्वप्न दासगुप्ता.
  • महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के लिए 550 करोड़ आवंटित किए जा रहे हैं. इसके लिए जल्द ही 'पिंक कार्ड' शुरू किए जाएंगे.
  • आयुष्मान भारत योजना के तहत 3,100 करोड़ रुपये के फंड का आवंटन. 
  • श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर 6 जुलाई को राज्य में छुट्टी घोषित की गई है और उनकी 150वीं जयंती मनाने के लिए 200 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है.

DA में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी

बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की, जो अक्टूबर 2026 से लागू होगा. इसके अलावा PPP मॉडल के तहत पूर्वी मिदनापुर जिले में गहरे समुद्र में बंदरगाह (डीप सी पोर्ट) का प्रस्ताव है. कोलकाता का दूसरा हवाई अड्डा कल्याणी में बनेगा. जमीन की पहचान का काम चल रहा है.

स्‍कूल-कॉलेजों के पास नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें

बजट पेश करते हुए बंगाल के वित्‍त मंत्री ने बताया, 'अब किसी भी शिक्षण संस्थान, अस्पताल या धार्मिक स्थल के 1 किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकान के लिए लाइसेंस नहीं दिया जाएगा. कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों में न्यूनतम दूरी की शर्त 500 मीटर होगी. 

बेरोजगार युवाओं को 3000 रुपये प्रतिमाह का 'भरोसा' 

वित्त मंत्री ने झारग्राम में एक आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की. उत्तर बंगाल में एक IIT और एक IIM स्थापित किया जाएगा. राज्य सरकार ने 21 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं के लिए 'भरोसा' योजना की घोषणा की है. इस योजना के तहत, स्नातक (ग्रेजुएट) छात्र जिन्हें अभी तक नौकरी नहीं मिली है, उन्हें प्रति माह 3,000 रुपये मिलेंगे. गैर-स्नातक छात्रों को प्रति माह 2,000 रुपये मिलेंगे. वहीं, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने आशा (ASHA) वर्कर्स के काम को देखते हुए उनके मासिक मानदेय को बढ़ाकर 5,000 रुपये करने की घोषणा की है. 

कंडक्‍टरों और होम गार्ड्स की भी सैलरी बढ़ी 

राज्य परिवहन निगम में कॉन्‍ट्रेक्‍ट पर काम करने वाले कंडक्टरों का मासिक वेतन बढ़ाकर 16,000 रुपये किया जाएगा. सिविक वॉलंटियर्स, ग्राम पुलिस और ग्रीन पुलिस कर्मियों के वेतन में भी 2,000 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है. होम गार्ड्स के वेतन में भी 2,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी. 

ये भी पढ़ें :- बेरोजगारों को हर महीने 3000, एक लाख नौकरियां... बंगाल में BJP सरकार के पहले बजट की 7 बड़ी सौगातें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengal Budget, West Bengal Budget, CM Suvendu Adhikari
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com