विज्ञापन

दिल्ली के स्कूलों में वॉटर बेल, MP में नाइट हीट अलर्ट, महाराष्ट्र में वाटर ब्रेक; गर्मी ने इन राज्यों में बदल दिए नियम

Weather Heatwave Alert: दिल्ली से लेकर बिहार और महाराष्ट्र तक भीषण गर्मी का कहर जारी है. लू के अलर्ट के बीच कई राज्यों में नियम बदल गए हैं.

दिल्ली के स्कूलों में वॉटर बेल, MP में नाइट हीट अलर्ट, महाराष्ट्र में वाटर ब्रेक; गर्मी ने इन राज्यों में बदल दिए नियम
कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट, स्कूल में की जा रहीं छुट्टियां
NDTV
  • दिल्ली में पारा 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम और सख्त गाइडलाइन लागू की गई हैं
  • नोएडा में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है, स्कूलों में बच्चों को बाहर खेलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध
  • मध्य प्रदेश और ओडिशा में रात में भी गर्मी का अलर्ट जारी है, कई जिलों में स्कूलों को छुट्टियां घोषित की गई हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई इलाकों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. अप्रैल महीने में इतनी गर्मी से लोग परेशान और हैरान हैं. दिन में तेज धूप की वजह से घर से बाहर निकलना मुश्किल होता जा रहा है. अलग-अलग राज्यों में गर्मी और हीटवेव को लेकर अलर्ट और एडवाइजरी जारी की जा रही है. स्कूलों को बंद किया जा रहा है और दफ्तरों में काम करने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. मौसम विभाग भी लगातार भीषण गर्मी की चेतावनी जारी कर रहा है. सबसे हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले जहां बारिश और तेज हवाओं ने मौसम कूल-कूल बना रखा था वहीं अब तेज धूप के थपेड़े देखने को मिल रहे हैं. दिन को दिन रात में भी गर्मी का अलर्ट जारी किया जा रहा है. दिल्ली के स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम शुरू किया गया है. महाराष्ट्र के कई जिलों में भी 'वॉटर ब्रेक' शुरू किया गया है.

दिल्ली के स्कूलों में हीटवेव अलर्ट, वॉटर बेल सिस्टम शुरू

दिल्ली में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने हीटवेव के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है. इसके साथ ही दिल्ली के स्कूलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. अधिकारियों ने छात्रों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की हैं. स्कूलों में सुबह की असेंबली को कम या स्थगित कर दिया गया है. खुले में क्लासेस भी नहीं चल सकेंगी. इसके अलावा अब एक अनिवार्य 'वॉटर बेल' सिस्टम छात्रों को हर 45–60 मिनट में पानी पीने की याद दिलाएगा. स्कूलों को कई जगहों पर सुरक्षित और ठंडा पीने का पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा, जबकि छात्रों को भी घर से पर्याप्त पानी लाने की सलाह दी गई है.

नोएडा में स्कूलों में बच्चों को ग्राउंड जाने पर पाबंदी

नोएडा में भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में 21 अप्रैल से ही लगातार उछाल देखने को मिल रहा है. अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 22 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरे दिन हीट वेव रहेगी, खासकर दोपहर और शाम के समय हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. 23 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो जाएगी. हीट वेव के इस गंभीर प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में बच्चों को खेल के समय ग्राउंड या बाहर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

मध्य प्रदेश में नाइट हीट अलर्ट

दिल्ली के साथ मध्य प्रदेश में गर्मी से बुरा हाल है. आईएमडी के अनुसार, राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोग गर्मी से बेहाल हैं. छतरपुर में पारा 45 डिग्री के करीब तक पहुंच गया है. सबसे ज्यादा टेंशन की बात यह है कि राज्य में रात में भी हीट अलर्ट जारी किया जा रहा है. रतलाम, छिंदवाड़ा, मंडला, मलांजखंड और नौगांव में लू के हालात बने हुए हैं वहीं भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में गर्म रातें दर्ज जा रही हैं. भोपाल, उज्जैन और चंबल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में यह 3.4 से 3.8 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया. आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2–3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

ओडिशा में भीषण गर्मी का कहर, स्कूलों में छुट्टियां

ओडिशा में लू की मार से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम जारी रहने का अनुमान है. ओडिशा में भी नाइट हीट अलर्ट जारी किया गया है. बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति सहित कई जिलों में लू के आसार हैं. वहीं अंगुल, कंधमाल, सुंदरगढ़, बलांगीर और संबलपुर जिलों में रात में गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है. झारसुगुड़ा, बलांगीर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में अगले तीन दिनों तक लू चलने का अनुमान है. इस बीच, गंजाम जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए 23 अप्रैल तक स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान किया गया है. कटक के जिलाधिकारी ने भी सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है. कॉलेजों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी.

Latest and Breaking News on NDTV

बिहार में लू के अलर्ट के बीच स्कूल टाइमिंग में बदलाव

बिहार में बढ़ती गर्मी और उमस भरे मौसम को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है. पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में फिर से बदलाव का आदेश जारी किया है. नए आदेश के मुताबिक, कक्षा 5 तक के सभी छात्रों (प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित) की पढ़ाई सुबह से लेकर अधिकतम 11:30 बजे तक ही संचालित की जाएगी. वहीं, कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे तक ही चलेंगी. इससे पहले प्रशासन ने कक्षा 8 तक के लिए 12:30 बजे तक का ही समय निर्धारित किया था, जिसे अब और संशोधित किया गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, 22 से 24 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी बिहार में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है.

राजस्थान में भी लू का अलर्ट

राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है और अनेक जगह अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. अगले दो दिन तक राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा. 23 अप्रैल से राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर व धौलपुर सहित कई जिलों में हीट वेव चलने का 'येलो अलर्ट' है. राज्य में पड़ रही तेज गर्मी से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है. दोपहर में सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छा जाता है और लोग जरूरी काम के लिए ही बाहर निकलते हैं.

यह भी पढ़ें: पारा 45 पार, भीषण गर्मी से हाहाकार, दिल्ली-UP और इन राज्यों में भी लू का येलो अलर्ट, असम में बारिश बनी विलेन

उत्तर भारत, गुजरात और महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने कहा है कि इस साल सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों के उत्तरी हिस्से, पूर्वी तटीय राज्यों, पश्चिमी राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र तथा उनसे लगे क्षेत्रों में सामान्य से अधिक दिनों तक हीट वेव चलने की आशंका है.IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहां मौसम की दृष्टि से हर साल अत्यधिक गर्मी पड़ने की आशंका बनी रहती है. इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है, ऐसा उन क्षेत्रों में भी हो सकता है जहां शायद हीट वेव नहीं चलती है. उन्होंने कहा, ‘कुछ इलाके मौसम की दृष्टि से संवेदनशील हैं. उदाहरण के लिए महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में साल के इस समय सामान्य तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है. इसी तरह उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मई आने तक सामान्य तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है.'

यह भी पढ़ें: दिल्‍लीवाले चिलचिलाती धूप के साथ लू के थपेड़े झेलने को रहें तैयार, IMD ने जारी कर दिया अलर्ट

(एजेंसी के इनपुट के साथ)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com