विज्ञापन

मिडिल ईस्ट संकट के बीच राहत की खबर, 1 और टैंकर जल्द पहुंच जाएगा भारत, होर्मुज में फंसे इतने भारतीय जहाज

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का टैंकर ‘देश गरिमा’ सुरक्षित रूप से मुंबई बंदरगाह पहुंचने जा रहा है. 97,422 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आ रहा यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकलकर भारत पहुंचने वाला दसवां टैंकर है.

मिडिल ईस्ट संकट के बीच राहत की खबर, 1 और टैंकर जल्द पहुंच जाएगा भारत, होर्मुज में फंसे इतने भारतीय जहाज
  • भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का टैंकर ‘देश गरिमा’ बुधवार को मुंबई बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंचेगा
  • ‘देश गरिमा’ में 97,422 मीट्रिक टन कच्चा तेल है और इस पर 31 भारतीय नाविक सवार हैं
  • होर्मुज जलडमरूमध्य से अब तक दस भारतीय टैंकर सुरक्षित भारत पहुंच चुके हैं, जिसमें एक कच्चे तेल का टैंकर शामिल
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

मिडिल ईस्ट में जंग के साए के बीच भारत की ऊर्जा आपूर्ति को बड़ी राहत मिलने जा रही है. भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का टैंकर ‘देश गरिमा' बुधवार को सुरक्षित रूप से मुंबई बंदरगाह पहुंचेगा. यह वही समुद्री मार्ग है, जहां होर्मुज जलडमरूमध्य में हाल के दिनों में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं. भारतीय झंडे वाले कच्चे तेल के बड़े टैंकर ‘देश गरिमा' के बुधवार को मुंबई बंदरगाह (MUMBAIJD5) पर पहुंचने की उम्मीद है. इस टैंकर में 97,422 मीट्रिक टन कच्चा तेल लोड है और बोर्ड पर कुल 31 भारतीय नाविक सवार हैं. एक अंतरराष्ट्रीय शिप‑ट्रैकिंग एजेंसी के अनुसार, यह टैंकर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे मुंबई पहुंच सकता है.

ये भी पढ़ें : होर्मुज से भारतीय जहाजों को निकालने के लिए क्या कर रहा भारत? विदेश मंत्रालय ने बताया

होर्मुज से सुरक्षित निकला दसवां भारतीय टैंकर

MUMBAIJD5, जिसे JD‑5 के नाम से भी जाना जाता है, मुंबई बंदरगाह के जवाहर द्वीप (पूर्व में कसाई द्वीप) पर स्थित एक विशेष पांचवां तेल बर्थ जेटी है, जहां बड़े ऑयल टैंकरों की बर्थिंग की जाती है. मध्यपूर्व एशिया में जारी युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलकर सुरक्षित भारत पहुंचने वाला यह दसवां टैंकर है. आंकड़ों के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 से अब तक 9 एलपीजी टैंकर और 1 कच्चे तेल का टैंकर इस संवेदनशील जलडमरूमध्य से सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं. हालांकि, स्थिति अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं है. होर्मुज में फिलहाल 14 भारतीय ध्वज वाले जहाज फंसे हुए हैं. इनमें 3 कच्चे तेल के टैंकर और 1 बड़ा एलपीजी टैंकर शामिल हैं.

ये भी पढ़ें : हेलीकॉप्टर में सैनिक और हाथ में मशीनगन... अमेरिकी सेना होर्मुज में नाकेबंदी कैसे कर रही, VIDEO में देखिए

14 भारतीय जहाज अब भी फंसे, सरकार के प्रयास तेज

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज से जुड़ी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है. होर्मुज में बनी अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय सरकार ने शेष 14 मालवाहक जहाजों को सुरक्षित मार्ग दिलाने के प्रयास तेज कर दिए हैं. गौर करने वाली बात यह है कि 28 फरवरी को, जब मध्यपूर्व एशिया में युद्ध शुरू हुआ था, उस वक्त कुल 28 भारत‑ध्वजांकित जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में मौजूद थे. इनमें से 24 जहाज पश्चिमी हिस्से में और 4 जहाज जलमार्ग के पूर्वी हिस्से में थे.

ईरान-अमेरिका तनाव से जहाजों पर खतरा

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव की वजह से कार्गो जहाजों की आवाजाही पर खतरा बना हुआ है.  समुद्री व्यापार पर नजर रखने वाली ब्रिटेन की संस्था - यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) की सोमवार को जारी ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी, 2026 से 20 अप्रैल, 2026 के बीच UKMTO को अरब की खाड़ी, होर्मुज और ओमान की खाड़ी में और उसके आसपास परिचालन करने वाले जहाजों को प्रभावित करने वाली घटनाओं की कुल 33 रिपोर्टें मिली हैं.

20 कार्गो जहाजों पर हमले

20 कार्गो जहाज़ों पर हमले से जुड़े रिपोर्ट हैं, जबकि होर्मुज में कुल 13 संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट मिल चुकी है. UKMTO के मुताबिक, शनिवार, 18 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में 3 जहाज़ों के कैप्टन ने हमले की रिपोर्टिंग की थी. इसमें दो भारतीय ध्वज वाले कार्गो जहाज़ शामिल थे. UKMTO की रिपोर्ट के अनुसार, पहले हमले में भारतीय ध्वज वाले तेल टैंकर को निशाना बनाया गया. ईरानी सेना (IRGC) की दो गन बोट्स अचानक जहाज के करीब आ गईं. बिना किसी रेडियो चेतावनी या बातचीत के उन्होंने टैंकर पर गोलीबारी शुरू कर दी. हालांकि हमले में जहाज और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. इसके कुछ देर बाद भारत के एक और जहाज को ईरानी सेना (IRGC) ने निशाना बनाया. ये हमला ओमान तट के करीब हुआ. UKMTO के रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुपर टैंकर पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com