- दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई भारी बारिश से जलभराव हुआ और ट्रैफिक सहित जनजीवन प्रभावित हुआ.
- भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की.
- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है.
Kal Ka Mausam, 6 September 2026: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया, ट्रैफिक पर असर पड़ा और पूरी राजधानी में आम जनजीवन प्रभावित हुआ. कनॉट प्लेस में आउटर सर्कल के पास पानी जमा हो गया. इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
Weather Update : इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तराखंड में 6-7 सितंबर और फिर 10-11 सितंबर को बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है. दिल्ली-NCR में 6 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 7 और 8 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश में 6 सितंबर से 8 सितंबर तक बारिश
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के दौरान बारिश की संभावना बनी रहेगी. छत्तीसगढ़ में 8 से 11 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जहां 9 से 11 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में 6 से 8 सितंबर, झारखंड में 9 सितंबर और ओडिशा में 9 से 11 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अलर्ट है. इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 सितंबर तक वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान है.
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, नागालैंड और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी भारी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश जारी रह सकती है.
मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बिहार, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
IMD ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन, सड़क और रेल यातायात में बाधा, पेड़ गिरने और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है, जबकि आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.
ये भी पढ़ें : राजस्थान के 3 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानें अन्य जिलों में मौसम का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं