उत्तराखंड में जारी मूसलाधार बारिश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है. लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर बह रहे हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. इसके चलते देहरादून के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है. बच्चों को इस आफत की बारिश से बचाने के लिए प्रशासन की तरफ से ये फैसला लिया गया है.
मौसम विभाग अलर्ट
बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है. संवेदनशील इलाकों में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीमें सतर्क हैं व हालात पर निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे नहीं जाने व मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.
सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 5 अगस्त को देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के समस्त स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. जिला प्रशासन ने कहा कि भारी बारिश के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है. आपदा न्यूनीकरण के मद्देनजर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है.
मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत आज बुधवार 5 अगस्त को देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के समस्त स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। pic.twitter.com/PA9YthbSMA
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 5, 2026
डीएम ने आदेश में क्या कहा
जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया, "वर्तमान में जनपद अंतर्गत हो रही वर्षा और मौसम विज्ञान विभाग देहरादून व एनडीएमए के सचेत पोर्टल की ओर से 4 अगस्त को जारी अपडेटेड फॉरकास्ट/नॉवकास्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी हो सकते हैं. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने जनपद के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है."
वहीं, प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने व किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
(इनपुट- IANS)
ये भी पढ़ें - UP NEET UG Counselling 2026: पहले राउंड की काउंसिलिंग से पहले पढ़ लें ये जरूरी नियम, एक गलती पड़ सकती है भारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं