Kal Ka Mausam 16 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यों में कुछ दिन की राहत के बाद अब फिर से उमस भरी गर्मी और धूप परेशान कर रही है. मॉनसून की रफ्तार धीमी है. दिल्ली-एनसीआर में जहां गर्मी पड़ रही है, वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और बंगाल जैसे राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में कल के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने कल देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में धूप और बादलों की लुकाछिपी
राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में आज सुबह हल्की बारिश हुई. लेकिन दोपहर में फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. मौसम विभाग के अनुसार, कल भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा. मॉनसून की सक्रियता के बावजूद क्षेत्र में व्यापक और तेज बारिश की संभावना फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है. कल यानी 16 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है. आर्द्रता 65 से 45 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. 25 किमी/घंटा की गति से हवा चल सकती है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
Photo Credit: IMD
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार कल पंजाब और हरियाणा में भी जगह-जगह हल्की बारिश हो सकती है. IMD के अनुसार 19 जुलाई तक पंजाब में, 20 जुलाई के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश के आसार हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी और पूरे इलाके में बादल छाये रहेंगे.
यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने यूपी के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है. IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर कल बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भी बारिश होगी. भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है, लेकिन बारिश की गतिविधि जारी रहेगी. पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर 17 जुलाई तक वहीं पूर्वी यूपी में 21 जुलाई तक जारी रहेगा.
बिहार और झारखंड और बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड में कल के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. बिहार में 20 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं बंगाल में 21 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है. इधर झारखंड में अब तक 54 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. इसे लेकर राज्य सरकार ने चिंता जताई है और किसानों को राहत देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं.

कल कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
ओडिशा के पुरी में रथयात्रा के दौरान भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में संभावित रूप से बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव के कारण रथयात्रा के दौरान तीर्थनगरी पुरी सहित ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की. विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा इस वर्ष 16 जुलाई को पुरी में आयोजित की जाएगी। इस उत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. आईएमडी के दोपहर की बुलेटिन के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बांग्लादेश तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना हैय
इन राज्यों में भी कल बारिश
- जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में कई स्थानों पर बारिश
- पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश
- सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- मध्यप्रदेश के कुछ स्थानों और छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में बारिश
- गुजरात में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश
- कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र में भी बारिश की संभावना
यह भी पढ़ें; मॉनसून मारेगा पलटी, जुलाई के 15 दिनों में फिर मारेगा जोर, दिल्ली, यूपी से पंजाब-हरियाणा तक होंगे सराबोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं