Kal Ka Mausam 13 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मॉनसून फिर से सक्रिय होने जा रहा है और कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने बिहार, बंगाल समेत पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं अगले हफ्ते यूपी के कई जिलों में भी जमकर बारिश होगी. इधर दिल्ली-एनसीआर में भी कल बादल छाये रहेंगे हल्की बारिश भी हो सकती है. IMD के अनुसार कल देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई. लेकिन अब मॉनसून रूठ सा गया है. पिछले दो दिनों से पूरे एनसीआर में कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई. हालांकि बादल छाये हुए हैं. बारिश न होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि कल यानी 13 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा. अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. आर्द्रता सुबह 80 प्रतिशत और शाम 65 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुछ जगहों पर बादल बनने के कारण कुछ इलाकों में हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक या भारी वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं है. दूसरी ओर तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और नमी का स्तर ऊंचा रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. खासकर दोपहर के समय धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

कल कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
बिहार-झारखंड से लेकर बंगाल-ओडिशा में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कल बिहार और झारखंड समेत पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. अगले 2-3 दिनों में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा बंगाल में 16 जुलाई तक, ओडिशा में 15 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार कल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होगी. विशेष रूप से 12 जुलाई को मेघालय में और 13-14 जुलाई को असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की संभावना है.
IMD Weather Warning !
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 12, 2026
🌧️ Heavy to very heavy rainfall is likely over Northeast India, West Bengal, and Bihar during the next 2–3 days.
🌦️ Isolated heavy rainfall is also likely over East Uttar Pradesh during the next 4–5 days.
⛈️ Extremely heavy rainfall is likely over… pic.twitter.com/73qQBuxtSx
यूपी-हरियाणा से लेकर राजस्थान तक बारिश पर क्या अपडेट?
मौसम विभाग के अनुसार, कल उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब जैसे राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. बारिश का यह दौर 18 जुलाई तक जारी रहेगा. अगले 4-5 दिनों में पूवी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. वहीं राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मॉनसून कमजोर रहने की संभावना है.14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
वहीं छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 14-15 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है.
तमिलनाडु से केरल तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों में 16 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, राज्य के अधिकांश अन्य हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. इसके अलावा 12 जुलाई को तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप जैसे कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड-हिमाचल में भारी बारिश की संभावना, दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 18 राज्यों में अलर्ट , आज का मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं