- दिल्ली-एनसीआर में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का अनुभव होगा, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब बनी रहेगी
- उत्तर प्रदेश और बिहार में आज मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है
- राजस्थान के कुछ जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश हो सकती है, बाकी इलाके शुष्क रहेंगे
Aaj Ka Mausam 18 october 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत से मॉनसून की विदाई हो गई है, लेकिन वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कहीं-कहीं बारिश का दौर जारी है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और बारिश की वजह से उत्तर भारत में ठंड का भी अहसास होना शुरू हो गया है. दिन गर्म और रातें सर्द होना शुरू हो गई हैं. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में मॉनसून अभी भी एक्टिव हो और कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी 10 अक्टूबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार आज देशभर के 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है. इसमें ज्यादातर दक्षिण भारत के राज्य शामिल हैं. जानिए कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम की करवट, हवा भी हो रही खराब
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी का एहसास बना रहेगा, वहीं रातों में हल्की ठंड दस्तक देगी. आज आसमान साफ रहेगा. कुछ इलाकों में छिटपुट बादल छा सकते हैं. तापमान 32 डिग्री से 20 डिग्री तक रहेगा. दिन में गर्मी और सुबह-शाम को हल्की ठंड का अहसास होगा. मौसम के इस बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर साफ तौर पर देखा जा रहा है. वातावरण में हल्की ठंड बढ़ने और हवा की गति धीमी होने के कारण धूल और प्रदूषण के कण जम रहे हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार खराब होती जा रही है. राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दोनों ही क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा. यहां बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. वहीं आज बिहार में भी मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है. राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है.
राजस्थान के कई जिलों में बारिश
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है. कल कई जगहों पर बारिश हुई. इस बीच मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान के कुछ जिलों में आज भी बारिश होने की संभावना है. आज जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. हालांकि कल से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी पांच-छह दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है. उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23-24 अक्टूबर को सक्रिय हो सकता है.
तमिलनाडु में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
तमिलनाडु के छह जिलों में मॉनसून जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज नीलगिरि में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे यह पहाड़ी जिला लगातार दो दिनों तक भीषण बारिश का सामना करने वाले क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा. कोयंबटूर, इरोड, नमक्कल, रानीपेट, तिरुवल्लूर और तिरुपत्तूर में भी आज भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- केरल: आज केरल में भारी बारिश का अलर्ट है. 23 अक्तूबर तक बारिश जारी रहेगी. 21 अक्टूबर तक लक्षद्वीप क्षेत्र में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.
- कर्नाटक: यहां 23 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है.
- आंध्र प्रदेश: कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है.
यह भी पढ़ें | कल का मौसम : बर्फबारी, ठंड और बारिश! देश के मौसम में बड़ा बदलाव, जानें क्या है IMD का नया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं