- दिल्ली-एनसीआर में हाल की बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है
- उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे
- झारखंड के कुछ जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है जबकि बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है
Aaj Ka Mausam 17 october 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत में बारिश की वजह से तापमान कम हो गया है और ठंड का अहसास हो रहा है. वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. इसका असर उत्तर भारत में भी देखने को मिल रहा है. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में विदाई लेता मॉनसून जमकर बरस रहा है. उधर पूर्वी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी 17 अक्टूबर 2026 को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है. इसमें दिल्ली, यूपी, झारखंड से लेकर दक्षिण के राज्य शामिल हैं. जानिए कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बढ़ी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. दो दिन पहले हुई बारिश के बाद तापमान कम हो गया है और लोगों को ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है. इस बीच मौसम विभाग ने आज भी राजधानी में बादल छाये रहने और हल्की बारिश के आसार जताए हैं. तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहेगा.कल से मौसम एक बार फिर से साफ होने लगेगा. 18, 19, 20 और 21 अक्टूबर तक मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है.
यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है. पश्चिमी यूपी के जिलों में हुई बारिश के बाद तापमान कम हो गया है. मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. लेकिन आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे. पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ होना शुरू होगा. ज्यादातर जिलों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा.
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में भी आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. वहीं झारखंड के रांची समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है. कल कई जगहों पर बारिश हुई. मौसम विभाग का कहना है कि आज भी राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. हालांकि अब मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा. बारिश की वजह ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के ऊपर बना नया वेदर सिस्टम है.
हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश जारी है. आईएमडी के अनुसार 18 अक्टूबर तक कश्मीर-लद्दाख से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी होगी. इसकी वजह से तापमान में कमी आएगी और आने वाले दिनों में ठंडी हवाएं उत्तर भारत की ओर आएंगी.
दक्षिण भारत में भारी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों में अभी भी मॉनसून का असर बाकी है. कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार आज तटीय कर्नाटक के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं केरल और माहे के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. कर्नाटक के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली-NCR सहित इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, बर्फबारी और ठंड को लेकर आया बड़ा अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं