हरिद्वार में दशहरे की रात से लागू गंगा बंदी आखिरकार समाप्त हो गई है. इसके साथ ही हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख गंगा घाटों पर गंगा नदी का पानी फिर से पहुंच गया और घाटों की रौनक लौट आई. हर साल की तरह इस बार भी दशहरे से दिवाली तक करीब 18 दिनों के लिए गंग नहर बंद की गई थी. इस दौरान नहर की सफाई, मरम्मत और रखरखाव के साथ कई निर्माण कार्य पूरे किए गए.

हर साल गंगा की वार्षिक बंदी दशहरा से दीपावली की रात तक की जाती है और इस दौरान नहर की मरम्मत का कार्य और सिल्ट निकालकर समतलीकरण करने और सफाई का कार्य किया जाता रहा है. इस साल भी वार्षिक गंगा बंदी दशहरे से दीपावली तक की गई है.

हालांकि, अगले साल कुम्भ 2027 के चलते गंगा नहर में हर साल होने वाले कार्य के अलावा काफी निर्माण कार्य भी किए गए है.
अर्धकुंभ में 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक होंगे 11 अमृत स्नान
उत्तराखंड में अगले साल आयोजित होने वाले हरिद्वार अर्धकुंभ मेले के दौरान 14 जनवरी को मकर संक्रांति से लेकर 20 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा तक 11 ‘अमृत स्नान' होंगे. मेला प्रशासन ने बुधवार को यह जानकारी दी.
प्रशासन के मुताबिक, राज्य के विभिन्न हिस्सों से आने वाली देवी-देवताओं की पालकियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी और 15 मार्च को उन्हें गंगा में पवित्र स्नान कराया जाएगा.
आयोजन के तहत 14 मार्च को ऋषिकेश में ‘देव डोलियों' की शोभायात्रा निकाली जाएगी. इसके अगले दिन हरिद्वार में अमृत स्नान होगा. अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में हुई बैठक में ‘देव डोली' शोभायात्रा और गंगा स्नान से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान निकलने वाली शोभायात्रा और गंगा स्नान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को प्रदर्शित करने का अहम मौका होगा.
मीटिंग में शामिल देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों, उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के स्वागत एवं आगमन की व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां की जा रही हैं.
यह भी पढ़ें | मेरठ से हरिद्वार सिर्फ 90 मिनट में, बिजनौर के इन 34 गांवों से होकर गुजरेगा लिंक एक्सप्रेसवे, देखें पूरी लिस्ट
यह भी पढ़ें | भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 6 राज्य से होकर गुजरेगी, दिल्ली-मथुरा, वाराणसी-अयोध्या, प्रयागराज से हरिद्वार तक जाएगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं