विज्ञापन

MP Weather Alert: अगले 4 दिन बारिश का डबल अटैक, प्रदेश के 90 फीसदी हिस्से में IMD का अलर्ट

MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में मानसून का नया सिस्टम एक्टिव होने से अगले 4 दिनों तक 90 फीसदी हिस्सों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया.

MP Weather Alert: अगले 4 दिन बारिश का डबल अटैक, प्रदेश के 90 फीसदी हिस्से में IMD का अलर्ट
  • मानसून फिर सक्रिय हुआ है. अगले चार दिनों तक प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
  • छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई.
  • हरदा, देवास और धार जिलों में अगले २४ घंटों में अति भारी बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव का खतरा बना रहेगा.

मध्य प्रदेश में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसके असर से आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. खासकर खेती-किसानी और जल संकट से जूझ रहे इलाकों के लिए यह बारिश राहत लेकर आ सकती है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा भी रहेगा.

मानसून का नया सिस्टम एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून सिस्टम फिर से मजबूत हुआ है. इसी के प्रभाव से अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कई जिलों में लगातार बारिश होने के संकेत हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी.

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है. प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

24 घंटे में इन जिलों पर ज्यादा खतरा

अगले 24 घंटों के दौरान हरदा, देवास और धार जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन इलाकों में कम समय में अधिक पानी गिर सकता है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने धार जिले के लिए अगले 48 घंटों तक विशेष चेतावनी जारी की है. यहां अति भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई है.  

किसानों के लिए राहत की खबर

प्रदेश में सक्रिय हुए मानसून से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. खरीफ फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है. जिन क्षेत्रों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई थी, वहां खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों की बढ़वार को गति मिलेगी.

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें. मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए यात्रा के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mp Weather Alert, Madhya Pradesh Rain Alert, IMD Weather Update, Heavy Rainfall Warning, Madhya Pradesh Weather News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com