Goa Beaches: गोवा के बागा बीच का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स समुद्र किनारे चट्टान पर बैठा हुआ नजर आ रहा है. वीडियो में उसके हाथ में एक मोबाइल जैसा कुछ दिखाई दे रहा है, जिसे वो साइड में रखने के लिए अपने शरीर को दाहिनी ओर घुमाता है. लेकिन तभी समुद्र की एक ऊंची लहर उठती है और उस शख्स को अपने साथ बहा ले जाती है. करीब 10 सेकेंड तक वो शख्स पानी में हाथ-पैर मारकर किनारे जाने की कोशिश करता है, लेकिन समुद्र की तेज लहरें कभी उसे दाएं तो कभी बाईं तरफ ले जाती हैं. इसके बाद वीडियो खत्म हो जाता है और कुछ देर बार उस शख्स का शव मिलने की खबर आती है.
कर्नाटक से छुट्टियां बनाने आया था शख्स
जब बीच पर काम करने वाले रेस्क्यू टीम मेंबर्स को इस घटना का पता लगता है तो वो उसके शव को बमुश्किल लहरों से निकालकर किनारे लाते हैं और जांच करते हैं. इसमें इस शख्स की पहचान 34 वर्षीय अशफाक मसाली के रूप में होती है, जो कर्नाटक से करीब 200 KM दूर छुट्टियां मनाने के लिए गोवा आया था. लेकिन खराब मौसम के कारण उत्तरी गोवा के तट पर समुद्र में हुई उथल-पुथल की वजह से उसकी जान चली गई. इस घटना से वहां आए बाकी पर्यटक भी सहम गए, जिसके बाद लाइफगार्ड ने भी पर्यटकों को सलाह दी कि चेतावनी वाले झंडो को नजरअंदाज करके बिल्कुल भी समुद्र की तरफ न जाएं, क्योंकि मानसून के मौसम में यह खतरनाक हो सकता है.
सोशल मीडिया पर क्या कह रहे लोग?
इस वीडियो को लोग कमेंट बॉक्स में लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियां दे रहे हैं. ज्यादातर लोग हैरान हैं और इमोजी के जरिए अपनी संवेदना दे रहे हैं. हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस घटना का मजाक बना रहे हैं. वो लोग लिख रहे हैं कि रील बनाने गया था, लेकिन किसी और की रील बन गई. जबकि कुछ लोग हंसने वाले इमोजी शेयर कर रहे हैं. कुछ लोग ये भी लिख रहे हैं कि ऐसी घटनाओं में हर बार कैमरामैन कैसे बचाता है? जबकि कुछ लोग ऐसे कमेंट करने पर लोगों को फटकार भी लगा रहे हैं.
5 महीने में 46 लाख टूरिस्ट गोवा आए
गोवा टूरिस्ट डिपार्टमेंट के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो साल 2026 के शुरुआती 5 महीनों में 46 लाख 39 हजार 165 लोग छुट्टियां मनाने के लिए गोवा पहुंचे हैं. इनमें से करीब 44 लाख 37 हजार लोग अपने ही देश के थे, जबकि लगभग 2 लाख विदेश मेहमान शामिल थे. ये संख्या पिछले साल के आंकड़ों से थोड़ी ज्यादा है, जो बताती है कि मालदीव जैसे ऑप्शन होने के बाद भी लोगों में गोवा का क्रेज आज भी बरकरार है.
ये भी पढ़ें:- 563 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है JCB की ये अनोखी कार, धुएं की जगह उगलती है सिर्फ पानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं