विज्ञापन
This Article is From Mar 01, 2022

'पुरानी रंजिश' ने दिलचस्प बनाई मऊ की चुनावी जंग, मुख्तार अंसारी के बेटे को चुनौती दे रहे हैं बीजेपी के अशोक सिंह

बीजेपी प्रत्याशी अशोक सिंह (Ashok Singh) का कहना है कि बुलडोजरों की “सर्विसिंग” करा ली गई है और 10 मार्च के बाद उन्हें माफिया के खिलाफ चलवाया जाएगा. सिंह के परिवार का आरोप है कि उनके भाई अजय प्रकाश सिंह ‘मन्ना’ की हत्या में मुख्तार का हाथ था.

'पुरानी रंजिश' ने दिलचस्प बनाई मऊ की चुनावी जंग, मुख्तार अंसारी के बेटे को चुनौती दे रहे हैं बीजेपी के अशोक सिंह
मुख्तार अंसारी वर्तमान में बहुजन समाज पार्टी से विधायक हैं.
मऊ:

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मऊ सदर विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों के चुनाव (Election)  पर तो दांव लगा ही है, इसके अलावा दो ताकतवर परिवारों की पुरानी रंजिश का मसला भी है. अपने भाई की हत्या के लिए न्याय चाहने वाला एक प्रत्याशी (Candidate) हत्या के आरोपी के बेटे के विरुद्ध चुनाव लड़ रहा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी अशोक सिंह, बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के खिलाफ खड़े हैं जो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से उम्मीदवार हैं.

प्रदेश में सात मार्च को होने वाले मतदान से पहले इन दोनों उम्मीदवारों के बीच निजी हमले और जुबानी जंग जारी है. सिंह का कहना है कि बुलडोजरों की “सर्विसिंग” करा ली गई है और 10 मार्च के बाद उन्हें माफिया (अंसारी) के खिलाफ चलवाया जाएगा. सिंह (Ashok Singh) के परिवार का आरोप है कि उनके भाई अजय प्रकाश सिंह ‘मन्ना' की हत्या में मुख्तार (Mukhtar Ansari) का हाथ था.

वहीं, दूसरी ओर अब्बास अंसारी हैं जो अपने पिता की जीती हुई सीट को बचाना चाहते हैं. मुख्तार वर्तमान में बहुजन समाज पार्टी से विधायक हैं और वह 1996 से लगातार पांच बार जीत चुके हैं. खेल में शूटर और पीला गमछा धारण करने वाले 30 वर्षीय अब्बास ने पीटीआई-भाषा से कहा, “यह चुनाव सरकार और सत्तारूढ़ लोगों के खिलाफ है. वे (भाजपा) नहीं चाहते कि वह (मुख्तार) चुनाव लड़ें इसलिए उन्होंने साजिश रची और उन्हें नामांकन नहीं भरने दिया इसलिए मैं चुनाव लड़ रहा हूं.”

ये भी पढ़ें: यूक्रेन में फंसी छात्रा बोली- कोई नहीं कर रहा मदद, प्रियंका गांधी ने वीडियो शेयर कर रेस्क्यू करने की लगाई गुहार

सिंह ने कहा, “यहां 25 साल से एक माफिया विधायक रहा है. उसे हार का डर है इसलिए भाग गया. अब उसने अपने बेटे को उतारा है. मुख्तार लड़े या उनका बेटा एक ही बात है.”अपने विरोधी की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा कि वह माफिया डॉन के बेटे हैं और उनकी परवरिश अपराध के साए में हुई है इसलिए उनका व्यवहार मुख्तार अंसारी की तरह होगा. सिंह ने कहा, “हमें मऊ को माफिया मुक्त बनाना है. जो विकास एक जनप्रतिनिधि को करना चाहिए और रुका हुआ है उसे पूरा करना है.”

ये भी देखें: यूक्रेन के कीव स्टेशन पर फंसे भारतीय छात्र, बोले- 'न ट्रेन है और न बस'

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mau Sadar Seat, Mukhtar Ansari, BJP, BJP Candidate Ashok Singh, Suheldev Bhartiya Samaj Party, SBSP, Abbas Ansari, Assembly Elections 2022, UP Election 2022
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com