विज्ञापन
This Article is From Jul 20, 2025

सरकार और पार्टी दोनों एक साथ नहीं... उपेंद्र कुशवाहा ने CM नीतीश से कर दी बड़ी डिमांड

राज्‍यसभा सांसद और राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उनके जन्‍मदिन पर बधाई दी है. साथ ही नीतीश कुमार को लेकर भी सलाह दी है.

सरकार और पार्टी दोनों एक साथ नहीं... उपेंद्र कुशवाहा ने CM नीतीश से कर दी बड़ी डिमांड
  • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के जन्मदिन पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर बधाई दी.
  • अपनी पोस्‍ट में उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार को सलाह दी कि सरकार और पार्टी दोनों का संचालन करना उनके लिए उचित नहीं है.
  • राष्ट्रीय जनता दल ने कुशवाहा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन में सब कुछ सही नहीं है.
पटना :

बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बेटे निशांत का आज जन्‍मदिन है. ऐसे में हर कोई उन्‍हें बधाई दे रहा है. राज्‍यसभा सांसद और राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी एक सोशल मीडिया पोस्‍ट के जरिए उन्‍हें बधाई दी और नीतीश कुमार को सलाह देते हुए कहा कि अब सरकार और पार्टी दोनों का संचालन नीतीश कुमार के लिए ठीक नहीं है. इसके बाद राष्‍ट्रीय जनता दल ने कुशवाहा के सोशल मीडिया पोस्‍ट को लेकर कहा कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है. 

उपेंद्र कुशवाहा ने निशांत को बधाई देते हुए लिखा, "मीडिया/सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि आज बड़े भाई आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के सुपुत्र निशांत का जन्मदिन है. खुशी के इस अवसर पर जेडीयू की नई उम्मीद निशांत को जन्म दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं. ईश्वर उसे हमेशा स्वस्थ एवं प्रसन्न चित्त रखें."

सच को स्‍वीकारने की कृपा करें: कुशवाहा

साथ ही नीतीश कुमार को लेकर कुशवाहा ने लिखा, "इस अवसर पर आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी से अति विनम्र आग्रह है कि समय और परिस्थिति की नजाकत को समझते हुए इस सच को स्वीकार करने की कृपा करें कि अब सरकार और पार्टी दोनों का (साथ-साथ) संचालन स्वयं उनके लिए भी उचित नहीं है."

साथ ही अपनी पोस्‍ट में कुशवाहा ने नीतीश कुमार को लेकर कहा, "सरकार चलाने का उनका लंबा अनुभव है जिसका लाभ राज्य को आगे भी मिलता रहे, यह फिलहाल राज्य हित में अति आवश्यक है. परन्तु पार्टी की जवाबदेही के हस्तांतरण (जो वक्त मेरी ही नहीं स्वयं उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं/नेताओं की राय में अब आ चुका है) के विषय पर समय रहते ठोस फैसला ले लें. यही उनके दल के हित में है और इसमें विलंब दल के लिए अपूरणीय नुकसान का कारण बन सकता है. शायद ऐसा नुकसान जिसकी भरपाई कभी हो भी नहीं पाए."

अपनी पोस्‍ट के आखिर में कुशवाहा ने एक नोट के रूप में जदयू के नेताओं को संबोधित करते हुए लिखा कि मैं जो कुछ कह रहा हूं, जदयू के नेता शायद मुख्यमंत्री जी से कह नहीं पाएंगे और कुछ लोग कह भी सकते हों तो वैसे लोग वहां तक पहुंच ही नहीं पाते होंगे.

एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं: राजद

उपेंद्र कुशवाहा के पोस्‍ट पर प्रतिक्रिया देने में राष्‍ट्रीय जनता दल ने देर नहीं की. राजद ने कहा कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है.

पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा, "उपेन्द्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं." साथ ही उन्‍होंने कहा, "एनडीए के अलायंस पार्टनर को इस बात का डर है कि नीतीश कुमार के सहारे वैतरणी पार नहीं कर सकते हैं."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Upendra Kushwaha, Nitish Kumar, Nishant Birthday
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com